
सिवनी. जिले में धूप और तेज गर्म हवाएं चल रही हैं। चिलचिलाती धूप और झुलसाने वाली लू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच गया है। वहीं भीषण गर्मी में ट्रेन यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी जनरल एवं स्लीपर बोगियों में हो रही है। जनरल बोगी में हालत काफी खराब हो जा रही है। ट्रेनों में यात्रियों की काफी भीड़ देखी जा रही है। वहीं गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। वहीं दूसरी तरफ रेलवे स्टेशन पर वाटर कूलर भी कम पड़ जा रहे हैं। सोमवार को नागपुर-शहडोल एक्सप्रेस एवं शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस में बैठे यात्रियों को ऐसी ही समस्या का सामना करना पड़ा। दरअसल सिवनी रेलवे स्टेशन में इन ट्रेनों का स्टॉपेज महज दो मिनट है। दोनों टे्रन के पहुंचने का समय दोपहर में है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर वाटर कूलर की व्यवस्था तो है, लेकिन प्रर्याप्त नहीं है। ट्रेन के रूकते ही कई यात्री पानी का डिब्बा लेकर वाटर कूलर की तरफ दौड़े। हालांकि समय कम होने से कई यात्री पानी नहीं भर पाए। वहीं पास के नलों में गर्म पानी निकल रहा था। वहीं शाम को पेंचवैली एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेन के यात्रियों को भी ऐसी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना था कि गर्मी के दिनों में रेलवे को व्यवस्था बनानी चाहिए। वहीं बस यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर अधिक दिक्कत
रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। यहां ठंडे पानी की व्यवस्था नहीं है। नलों से गर्म पानी निकल रहा है। दिन में इस प्लेटफॉर्म पर अक्सर कोई ट्रेन नहीं आती है, लेकिन शाम को पैसेंजर ट्रेन का स्टॉपेज रहता है।
दिन के साथ रात में भी बढ़ी उमस
इस समय दोपहर के समय घरों से निकलना तो दूर, कमरों के अंदर बैठना भी सजा जैसा लगने लगा है। वहीं सोमवार को तेज धूप और बढ़ती तपिश से लोग परेशान हुए। दोपहर होते-होते हालात ऐसे हो गए कि सडक़ों पर निकलने वाले लोग गमछा, छाता और चेहरे को ढंककर बाहर निकले। तापमान लगातार बढऩे से कूलर और पंखे बेअसर साबित हो रहे हैं। दिन हो या रात, गर्म हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही। घरों में चल रहे कूलर गर्म हवा फेंक रहे हैं, जबकि पंखे भी तपिश कम नहीं कर पा रहे। रात में उमस के कारण नींद पूरी नहीं हो रही। लोग बार-बार ठंडा पानी पीकर और छांव में बैठकर राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। बढ़ती गर्मी ने बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की दिक्कतें और अधिक बढ़ा दी हैं। सोमवार को दिन में तेज धूप के साथ छांव भी हुई, लेकिन गर्म हवा के थपेड़ों की वजह से इससे राहत नहीं मिल पाई।
पिछले कुछ दिनों का तापमान
तिथि अधिकतम न्यूनतम
11 मई 38.8 20.6
12 मई 38.4 27.0
13 मई 39.2 27.2
14 मई 39.3 27.4
15 मई 39.4 27.2
16 मई 39.8 28.0
17 मई 41.4 25.0
18 मई 41.6 26.4
Published on:
19 May 2026 06:13 pm
बड़ी खबरें
View Allसिवनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
