कानपुर

Kanpur News:रेलवे ट्रैक पर सिलिंडर ब्लास्ट, साजिश या हादसा? जांच तेज

Kanpur LPG Blast:कानपुर में रेलवे ट्रैक के पास एलपीजी सिलिंडर फटने से हड़कंप मच गया। मौके से मिले बैग और दस्तावेजों से ट्रेन से गिरने की आशंका है। पुलिस साजिश और लापरवाही दोनों एंगल से जांच कर रही है।

3 min read
Mar 19, 2026

कानपुर सेंट्रल स्टेशन से महज दो किलोमीटर दूर दिल्ली-प्रयागराज रेलवे रूट पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक तेज धमाके की आवाज गूंजी। जांच में सामने आया कि ट्रैक के किनारे पड़ा पांच लीटर का एलपीजी सिलिंडर फट गया था। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और रेलवे कर्मचारियों के साथ स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।घटना की सूचना मिलते ही कैंट, रेलबाजार और चकेरी थाने की पुलिस, आरपीएफ और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

ये भी पढ़ें

Kanpur News:रेलवे स्टेशन उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, पूछताछ में सामने आई चौंकाने वाली वजह

ट्रैक किनारे मिला संदिग्ध बैग

घटनास्थल पर पुलिस को एक फटा हुआ बोरी का बैग भी मिला, जिसने पूरे मामले को और संदिग्ध बना दिया। इस बैग के अंदर कपड़े, बर्तन, मोबाइल फोन, आधार कार्ड समेत कई निजी दस्तावेज मिले। आधार कार्ड प्रतापगढ़ निवासी ओम प्रकाश मिश्रा के नाम पर था।पुलिस ने तुरंत दस्तावेजों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और प्रतापगढ़ स्थित उनके घर संपर्क किया। वहां से जानकारी मिली कि ओम प्रकाश मिश्रा दिल्ली में गार्ड की नौकरी करते हैं और हाल ही में घर लौटने वाले थे। इससे यह आशंका और गहराई कि यह बैग कहीं ट्रेन से गिरा या फेंका गया हो सकता है।

महाबोधी एक्सप्रेस से गिरने की आशंका, साजिश से भी इनकार नहीं

रेलवे कर्मचारियों ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले इस रूट से महाबोधी एक्सप्रेस गुजरी थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि सिलिंडर और बैग उसी ट्रेन से गिरा हो सकता है। आरपीएफ के सीओ विवेक वर्मा के मुताबिक, यह भी संभव है कि किसी मजदूर के सामान से यह सिलिंडर गिर गया हो।हालांकि, पुलिस इस मामले को केवल दुर्घटना मानकर नहीं चल रही है। साजिश और शरारत के एंगल से भी जांच की जा रही है, क्योंकि इससे पहले भी इस रूट पर छोटे सिलिंडर मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

गैस लीकेज के चलते फेंका गया सिलिंडर? जताई आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में सिलिंडर के एक किनारे पर बड़ा छेद पाया गया है, जिससे तेज गैस रिसाव की संभावना जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि यदि ट्रेन के अंदर गैस लीक हुई होगी, तो यात्रियों ने घबराकर सिलिंडर को बाहर फेंक दिया होगा।बैग में मोबाइल और अन्य जरूरी सामान का मिलना इस बात की ओर इशारा करता है कि यह फैसला आनन-फानन में लिया गया होगा। फिलहाल पुलिस, आरपीएफ और क्राइम ब्रांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हैं।इस घटना ने रेलवे ट्रैक की सुरक्षा और यात्रियों की सतर्कता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह महज हादसा था या इसके पीछे कोई बड़ी लापरवाही या साजिश छिपी है।

क्या बोले पुलिस उपायुक्त पूर्वी

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से लगभग 2 किमी आगे एक सिलिंडर में आग लगी है। सूचना पर स्थानीय पुलिस व अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक जला हुआ पेट्रोमैक्स (खाना बनाने वाला सिलिंडर), पास में झूला, कुछ बर्तन, आधार कार्ड, पहचान पत्र व एक मोबाइल बरामद हुआ। आधार कार्ड पर नाम ओमप्रकाश मिश्रा का अंकित है। मोबाइल नंबर के माध्यम से संपर्क करने पर उनके पुत्र ने बताया कि ओमप्रकाश मिश्रा दिल्ली से प्रतापगढ़ के लिए निकले थे तथा शराब के आदी हैं और अपने साथ सामान व लगभग ₹7000 लेकर बिना बताए चले गए थे। प्रथम दृष्टया जांच में यह प्रतीत हुआ कि यात्रा के दौरान बैग गिरने से सिलिंडर क्षतिग्रस्त हुआ,जिससे आग लग गई। मौके पर उच्चाधिकारियों द्वारा व एफएसएल टीम, जीआरपी व आरपीएफ द्वारा गहन जांच की जा रही है। आगे की विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

Updated on:
19 Mar 2026 08:08 am
Published on:
19 Mar 2026 07:10 am
Also Read
View All

अगली खबर