Kanpur accident:कानपुर के सनिगवां में रविवार को जर्जर मकान का छज्जा तोड़ते समय मजदूर साजिद (27) मलबे में दब गया। साथियों ने कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम भेजकर जांच शुरू की है।
कानपुर में चकेरी थाना क्षेत्र के सनिगवां इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां जर्जर मकान की मरम्मत के दौरान स्लैब/छज्जा तोड़ते समय 27 वर्षीय मजदूर साजिद की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर काम कर रहे अन्य मजदूरों में चीख-पुकार के साथ अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक साजिद पुत्र शाहिद, सनिगवां का ही रहने वाला था। वह रविवार सुबह इलाके के ही पिंटू नामक व्यक्ति के जर्जर मकान में मरम्मत का काम करने पहुंचा था। मकान काफी पुराना और कमजोर हालत में था। साजिद अन्य साथी कर्मचारियों के साथ मिलकर मकान का छज्जा तोड़ रहा था।
मृतक के पिता शाहिद ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे काम के दौरान अचानक साजिद का संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर पड़ा। इसी दौरान टूट रहा छज्जे का भारी मलबा सीधे उसके ऊपर आ गिरा। मलबे में पूरी तरह दब जाने से साजिद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे अन्य मजदूर तुरंत मौके पर पहुंचे और शोर मचाने लगे। सभी ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह साजिद को मलबे से बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही साजिद के परिवार में कोहराम मच गया। घर में पिता शाहिद, मां बेगम, छोटा भाई आशिक और चार बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। साजिद परिवार का सहारा था और मजदूरी करके घर चलाता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वही सूचना पर चकेरी थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों और अन्य मजदूरों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह जर्जर मकान का कमजोर ढांचा और बिना सुरक्षा इंतजाम के काम करना सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वही थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।