4 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

औरैया में सड़क किनारे मिला शव, चेहरे पर चोट के निशान, हत्या की आशंका

Auraiya murder case:औरैया के अस्ता गांव में सोमवार को 45 वर्षीय त्रिभुवन सिंह का शव संदिग्ध हालात में मिला। चेहरे पर चोट के निशान से हत्या की आशंका है। फॉरेंसिक टीम ने जांच की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा।

2 min read
Google source verification

सांकेतिक फोटो

औरैया के सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सनसनी फैल गई जब गांव अस्ता के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। राहगीरों ने शव देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और थाना अयाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट व फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

मृतक की पहचान त्रिभुवन सिंह, उम्र 45 वर्ष, निवासी गांव अस्ता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शव गांव के बाहर कच्चे रास्ते के पास पड़ा था। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले शव देखा और डायल 112 पर कॉल की।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटनास्थल पर पहुंची फील्ड यूनिट ने पूरे इलाके की बैरिकेडिंग कर बारीकी से जांच की। डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। प्राथमिक जांच में मृतक के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास खून के धब्बे और घसीटने के निशान भी देखे हैं। हालांकि, अभी तक कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है।

परिजनों में कोहराम, ग्रामीणों की भीड़ जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि त्रिभुवन सिंह रविवार शाम को घर से निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। सुबह उनका शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

क्या बोले पुलिस अधिकारी

सदर कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। उन्होंने कहा, "प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। चेहरे पर चोट के निशान हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।"

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।