
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी
UP Crime News:औरैया जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। बिधूना कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके तीसरे साथी को पुलिस ने मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाशों ने हाल ही में क्षेत्र में एक बुजुर्ग के साथ हुई लूट की वारदात को कबूल कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, बिधूना कोतवाली पुलिस कन्नौज सीमा पर रूटीन वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मदनपुर की तरफ से एक बाइक पर तीन संदिग्ध युवक आते दिखे। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा शुरू किया।
भागने की हड़बड़ाहट में गपचरिया पुलिया के पास बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस के वाहन में जा लगी, जिससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे।
आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान दो बदमाशों के पैरों में गोली लग गई और वे वहीं गिर पड़े। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान जितेंद्र और राज कपूर के रूप में हुई है। दोनों कन्नौज जिले के तिर्वा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। तीसरे आरोपी का नाम प्रदीप बताया जा रहा है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि कुछ दिन पहले बिधूना थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग के साथ हुई लूट और जेब काटने की वारदात को उन्होंने ही अंजाम दिया था। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो तमंचे, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
मुठभेड़ में घायल हुए जितेंद्र और राज कपूर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक औरैया ने बताया कि तीनों बदमाश शातिर किस्म के हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन्होंने और किन वारदातों को अंजाम दिया है।
Updated on:
03 May 2026 11:56 am
Published on:
03 May 2026 10:54 am
बड़ी खबरें
View Allऔरैया
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
