करौली

Rajasthan Accident: मौत बनकर आई स्कूल बस, बाइक सवार हेडमास्टर की टक्कर से मौत, 15 बच्चे थे बस में सवार

Rajasthan Accident: करौली के सूरौठ के बयाना रोड पर प्राइवेट स्कूल बस, बाइक सवार हेडमास्टर को टक्कर मारने के बाद पलट गई। टक्कर इतनी खतरनाक थी की बाइक के परखच्चे उड़ गए और हेडमास्टर की मौत हो गई।
2 min read
Apr 08, 2026
Headmaster Death After Acident
हादसे में जान गंवाने वाले हेडमास्टर भूरी सिंह मीना और पलटी बस

सूरौठ/ हिण्डौनसिटी: कस्बे में बुधवार सुबह बयाना रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास निजी स्कूल बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय बस में 10 से 15 बच्चे बैठे थे। भुकरावली के रहने वाले भूरी सिंह मीना (58), राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय धंधावली में हेडमास्टर के पद पर कार्यरत थे। सुबह वह बाइक से स्कूल जा रहे थे, जंहा उन्हे प्राइवेट स्कूल बस ने टक्कर मार दी।

सूरौठ थाना के ASI मुरारी लाल ने बताया कि सूरौठ कस्बे के एक निजी विद्यालय की बस सोमला गांव से स्कूली बच्चों को लेकर आ रही थी। बयाना रोड पर बस बाइक सवार भूरी सिंह मीना (58) को टक्कर मारते हुए बिजली पोल से टकरा गई और पलट गई। टक्कर से भूरी सिंह को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस बाइक सवार को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंची। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।

बस पलटी तो रोने लग बच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के पलटने पर बच्चे घबरा गए और रोने लगे। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने तुरंत बच्चों को बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चों को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद स्कूल बस ड्राइवर फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूरौठ थाना पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया।

परिजनों में मचा कोहराम

हादसा धंधावली के स्कूल से महज 200 मीटर दूर हुआ था। घटना की सूचना पर गांव भुकरावली से ग्रामीण व परिजन जिला अस्पताल आ गए और विलाप करने लगे। ग्रामीणों ने बताया कि भूरी सिंह राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय धंधावली में प्रधानाध्यापक पद पर कार्यरत थे। आमतौर पर भूरी सिंह चारपहिया वाहन से स्कूल जाते थे, लेकिन बुधवार को बाइक लेकर घर से निकले थे और हादसे का शिकार हो गए। उनके परिवार में पत्नी प्रेमदेवी, दो बेटे ऋषि मीना और रामकेश मीना, तथा बेटी रीना हैं। बड़ा बेटा ऋषि रेलवे में टेक्निशियन है, छोटा बेटा बेंगलुरु में रामकेश स्टेशन मास्टर है, जबकि रीना ने बीएड कर रखा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल बसों की नियमित जांच और चालकों की जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हो।

Updated on:
08 Apr 2026 07:14 pm
Published on:
08 Apr 2026 07:14 pm