CG News: उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के नेतृत्व में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों का शनिवार को विधिवत भूमिपूजन किया गया।
CG News: कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के नेतृत्व में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों का शनिवार को विधिवत भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों पर कुल 3 करोड़ 38 लाख 65 हजार रुपए की लागत आएगी।
इन सड़क परियोजनाओं से ग्रामीण अंचलों को न केवल बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि परिवहन और स्थानीय व्यापार को भी सीधा लाभ पहुंचेगा। क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही सड़क समस्या के समाधान की दिशा में इसे अहम पहल माना जा रहा है। भूमिपूजन कार्यक्रम के तहत ग्राम लखनपुर से कान्हाभैरा तक डामरीकरण सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत की गई, जिस पर 2 करोड़ 97 लाख रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा ग्राम रबेली में ग्राम गौरव पथ सडक़ निर्माण कार्य के लिए 41 लाख 65 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई है। इन सड़कों के निर्माण से हजारों ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
बरसात के मौसम में होने वाली दिक्कतों से भी ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है। भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुषमा गणपत बघेल, उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, प्रकाश चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में सरपंच, जनपद सदस्य और ग्रामीणजन शामिल हुए।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व संसदीय सचिव डॉ.सियाराम साहू ने कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में कवर्धा विधानसभा में विकास कार्यों ने नई गति पकड़ी है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसे बुनियादी विषयों पर सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत ये सड़कें ग्रामीण विकास की रीढ़ साबित होंगी। जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने अपने संबोधन में कहा कि मजबूत सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं होतीं, बल्कि वे रोजगार, व्यापार और सामाजिक विकास के नए अवसर भी पैदा करती हैं। उन्होंने कहा कि कवर्धा विधानसभा में जिस तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं वह पूरे जिले के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से चली आ रही सड़क समस्या का अब स्थायी समाधान हो रहा है। इन सड़कों के निर्माण से गांवों का विकास तेज होगा और आमजन का जीवन स्तर बेहतर होगा। कवर्धा विधानसभा में हुआ यह भूमिपूजन कार्यक्रम विकास की निरंतर प्रक्रिया का एक और उदाहरण है।