
CGPSC Sub Inspector Exam 2024: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सूबेदार, उपनिरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा 2024 कल यानी 12 जुलाई को कवर्धा जिले के तीन परीक्षा केंद्रों में होगी। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कबीरधाम जिले के 1482 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा, पहचान सत्यापन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं ताकि फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र के आधार पर सत्यापन और जांच प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
परीक्षा के दौरान आयोग द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य रहेगा। अभ्यर्थियों को केवल आधी बांह के साधारण कपड़े पहनकर आने की अनुमति होगी। काले, हरे, नीले, नारंगी, भूरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी रंग व चेकदार कपड़े पहनने पर प्रतिबंध रहेगा। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी, जबकि कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना भी प्रतिबंधित रहेगा।
वहीं परीक्षा शुरू होने के पहले आधे घंटे और समाप्ति के अंतिम आधे घंटे में परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। उत्तर पुस्तिका में उत्तर अंकित करने के लिए केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन का ही उपयोग किया जा सकेगा।
डिप्टी कलेक्टर एवं परीक्षा नोडल अधिकारी रूचि शार्दुल ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने अथवा अनुचित साधनों का उपयोग करने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी और संबंधित अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित भी किया जा सकता है। प्रशासन ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।