खंडवा

बरसा अमृत… खंडवा में 12 दिन की खेंच के बाद बादल हुए मेहरबान, जिले के कई ब्लॉकों में बारिश

-सूख रही फसलों को मिला जीवनदान, तीन दिन जारी रहेगा बारिश का दौर -रविवार की रात खालवा में 30 मिमी बारिश दर्ज, अन्य ब्लॉक खाली -सोमवार को जिलेभर के सभी ब्लॉको में रिमझिम के साथ मध्यम बारिश
2 min read
Jul 21, 2026
monsoon news
खंडवा. रात को शहर में हुई अच्छी बारिश।

लंबे समय बाद आसमान से मेघ रूपी अमृत बरसा है। सोमवार को जिले के कई ब्लॉकों में अच्छी बारिश हुई है। जिले में आखरी बार 8 जुलाई को बारिश हुई थी, जिसके बाद से एक बूंद भी पानी नहीं बरसा था। बारिश की खेंच के चलते फसलों पर संकट गहराने लगा था। मुरझा रही फसलों पर सोमवार को अमृत बरसा है। जिससे फसलों को नया जीवनदान मिला है। हालांकि अभी भी अच्छी बारिश की जरूरत है।

एक घंटा तेज बारिश से भीगा शहर

रविवार से ही आसमान पर बादलों का डेरा डला हुआ था, लेकिन बारिश नहीं हो रही थी। रविवार रात खालवा ब्लॉक में बारिश हुई, इस दौरान यहां 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिले में कुल 0.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज हुई। सोमवार सुबह से आसमान काले बादलों से घिरा हुआ था। शाम होते होते ठंडी हवा भी चलने लगी। रात को शहर में करीब एक घंटा रिमझिम से मध्यम तेज बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा खालवा, रोशनी, पंधाना ब्लॉक, पुनासा ब्लॉक, किल्लौद ब्लॉक के कई गांवों में बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार बुधवार तक बारिश का दौर जारी रहेगा।

नमी के परिसंचरण से सक्रिय हुआ मानसून

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने नमी के परिसंचरण से मानसून का नया सिस्टम सक्रिय हुआ है। गुजरात के नीच कम दबाव का क्षेत्र बनने से बादल खंडवा की ओर आए हैं। हालांकि खंडवा में सोमवार को मानसून की सक्रियता नहीं रही, लेकिन नमी के कारण कम दबाव का क्षेत्र बनने से स्थानीय सिस्टम सक्रिय होने से बारिश की स्थिति बनी है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से जिले में सीधी बारिश की संभावना है, जो दो दिन तक रहेगी।

दो से तीन बार बोवनी कर चुके किसान

जिले के कई ब्लॉकों में बारिश की खेंच के चलते फसलें मुरझा रही है। खालवा ब्लॉक में तो किसान दो से तीन बार बोवनी कर चुके है। रविवार रात और सोमवार को खालवा ब्लॉक में अच्छी बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल उठे। यहां किसान अब तीसरी-चौथी बार बोवनी की तैयारी में जुट गए है। हालांकि मौसम एवं कृषि वैज्ञानिक का कहना है कि मानसून अनियमित है, जिसके कारण कम पानी वाली फसल लगाना ही उचित होगा। यहां किसान मूंग और उड़द बोने की तैयारी में है।

अब तक जिले में 285 मिमी बारिश

पिछले चौबीस घंटों में जिले में 6.0 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले चौबीस घंटे में खालवा तहसील में 30 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि अन्य तहसीलों में कोई भी वर्षा नहीं दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष 20 जुलाई तक 230.8 मिमी औसत वर्षा हुई थी, जबकि इस वर्ष अब तक जिले में 285.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज हो चुकी है।

बांध, जलस्रोत अब भी खाली

प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदिरा सागर परियोजना का जलभराव 23.96 प्रतिशत है, जबकि ओंकारेश्वर सागर परियोजना का जलभराव 56.02 प्रतिशत है। दोनों परियोजनाओं में केवल विद्युत उत्पादन के लिए नियंत्रित जल प्रवाह जारी है। इसके अलावा भगवंत सागर परियोजना का भराव 56.45 प्रतिशत, आंवलियां मध्यम परियोजना का जलभराव 28.19 प्रतिशत तथा भाम मध्यम परियोजना का भराव 40 प्रतिशत हो चुका है। जिले के सभी प्रमुख जलाशयों के सभी गेट बंद हैं। किसी भी परियोजना का फ्लड डिस्चार्ज नहीं किया जा रहा है।

Updated on:
21 Jul 2026 12:01 pm
Published on:
21 Jul 2026 12:01 pm