
सर्व पितृ मोक्ष अमावस्या के बाद रविवार से शारदीय नवरात्र की धूम शुरू हो जाएगी। माता की स्थापना के लिए सार्वजनिक पंडाल सज चुके हैं और प्रतिमाओं का आगमन भी जारी है। मां दुर्गा इस बार कहीं अंबे देवी बाल रूप, कहीं कालीघाट में स्थापित काली माता, कहीं सौम्य रूप में झूले पर सवार होकर दर्शन देंगी। इस बार स्थाई झांकियां भी सजाई गई है जो माता के भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी।
सिंधी कॉलोनी के बगीचा ग्राउंड में इस वर्ष नवरात्र उत्सव के अंतर्गत देवी दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है। इस बार उत्सव में श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर 12 ज्योतिर्लिंगों के एक साथ दर्शन करने का सौभाग्य मिलेगा। सुहागपुर से मंगवाई गई अंबे देवी की अत्यंत आकर्षक प्रतिमा बाल स्वरूप में भक्तों को दर्शन देगी। श्रद्धालु 12 ज्योतिर्लिंगों पर जलाभिषेक भी कर सकेंगे।
भगतसिंह चौक पर इस बार माता की प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। यहां नवदुर्गा समिति द्वारा भगतसिंह चौक की महारानी महामाया को झूले में सवार बताया गया है। सौम्य रूप में माता की प्रतिमा अलग ही छंटा बिखेर रही है। यहां आकर्षक विद्युत साज सज्जा भी की गई है। पूरे चौक और मार्गों पर आकर्षक विद्युत लाइटिंग की गई है।
विद्युत नगर नवदुर्गा उत्सव समिति इस वर्ष अपना 40वां वार्षिकोत्सव मना रही है। कोलकाता के ईश्वर कालीघाट में विराजित माता की प्रतिकृति काली प्रतिमा को विद्युत नगर में स्थापित किया जा रहा है। समिति प्रत्येक वर्ष मंदिर में स्थापित मूर्तियों को पंडाल में लाती है, लेकिन 40 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इस बार कालीघाट की काली मां की विशेष प्रतिमा विराजित की जाएगी।