खंडवा

मां ने जान देकर अपने दो बच्चों को बचाया, खुद की ट्रॉली के नीचे दबने से मौत

Mother Saves Children : ओंकारेश्वर रोड पर नहर के पास बाइक सवार परिवार को टक्कर मार तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली के नीचे दबा रहा पिता, लोगों ने रेस्क्यू कर बचाई जान।
2 min read
Mother Saves Children
मां ने जान देकर अपने दो बच्चों को बचाया (Photo Source- Patrika)

Road Accident : मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के अंतर्गत आने वाले ओंकारेश्वर रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक मां ने अपनी जान देकर अपने दो बेटों की जान बचा ली। मां की ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई और पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने ट्रॉली को उठाकर उसकी जान बचाई है। घटना का रेस्क्यू करते हुए वीडियो भी सामने आया है, जिसे देकर लोगों की रूह कांप गई।

मोरटक्का चौकी इलाके में ओंकारेश्वर रोड नहर के पास सोमवार सुबह करीब 8 बजे की घटना है। बड़वाह के पलासिया गांव में रहने वाला 26 वर्षीय दिलीप डावर अपनी पत्नी 22 वर्षीय मनीषा डावर को लेने मायके ग्राम डुकिया गया था। यहां से दोनों अपने एक और पांच साल के बेटे के साथ बाइक से पलासिया लौट रहे थे। इस बीच नहर के पास गोबर खाद से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली ने दिलीप की बाइक को टक्कर मार दी। दिलीप, पत्नी और बच्चों समेत नीचे गिर गया।

खुद को दबता देख बच्चों को दूर फैंक दिया

इस बीच ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर उनके ऊपर ही गिर गई। इस दौरान दोनों बच्चे मां के पास थे। मां ने खूद को ट्रैक्टर ट्राली में दबता हुआ देख दोनों को धक्का दे दिया, जिससे वो दूसरी तरफ चले गए और दबने से बच गए। पांच साल का बेटा घायल हुआ है, वहीं दूसरे एक साल बेटे को मामूली चोटें आई हैं। महिला वहीं दबकर रह गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पति को लोगों ने बचाया

मां ने जान देकर अपने दो बच्चों को बचाया (Photo Source- Patrika)

घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोग और वहां से गुजर रहे राहगीर मदद के लिए आगे आए। एक व्यक्ति ने दोनों बच्चों को संभाला। इस बीच 50 से अधिक लोगों जमा हो गए, जिन्होंने ट्रैक्टर ट्रॉली को उठाया और नीचे दबे हुए दिलीप डावर को खींचकर बाहर निकाल लिया। लोगों की तत्परता से उसकी जान तो बच गई, लेकिन मनीषा की जान नहीं बच सकी। इस दौरान मार्ग पर जाम लगा रहा। ट्रैक्टर ट्रॉली को हटाने के बाद आवागमन शुरू हो पाया।

दोनों को अस्पताल में कराया भर्ती

घटना की जानकारी लगते ही मोरटक्का पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी घटनास्थल पहुंचे थे। उन्होंने घायल दिलीप और उसके पांच साल के बेटे को उपचार के लिए सनावद अस्पताल पहुंचाया। चौकी प्रभारी एसआइ लखन डावर ने बताया कि मर्ग कायम कर घटना की जांच की जा रही है। ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है।

Updated on:
26 May 2026 06:41 am
Published on:
26 May 2026 06:41 am