खंडवा

प्रदेशाध्यक्ष पद का तमगा हटा तो ये हो गए नंदकुमारसिंह के हाल

इतना बदलाव... प्रदेशाध्यक्ष पद छूटने के बाद पहली बार आए सांसद के स्वागत में सिर्फ चार लोग, न जिलाध्यक्ष पहुंचे और न विधायक।

2 min read
Apr 21, 2018
Nandkumar Singh Chouhan Latest News

खंडवा. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष का तमगा हटने के बाद सांसद नंदकुमारसिंह चौहान पहली बार गोवा एक्सप्रेस से खंडवा आए। सुबह 5.35 बजे ट्रेन से उतरने पर प्लेटफॉर्म पर मंडी अध्यक्ष आनंद मोहे, मोहन गंगराड़े, तेजेंद्र बाथम और अनिल भगत ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद एफओबी पर महापौर सुभाष कोठारी पहुंचे और चर्चा की। उन्हें अमरावती जाना था, सांसद से इस बारे में बात करके यहां से चले गए। भाजपा नगराध्यक्ष धर्मेंद्र बजाज ने भी एफओबी पर चर्चा की। यहीं से भाजयुमो के नगराध्यक्ष रितेश कपूर, पार्षद सागर आरतानी व अन्य साथ हुए।

जिलाध्यक्ष, उपाध्यक्ष नहीं पहुंच पाए
भाजपा जिलाध्यक्ष ने गुरुवार रात में फेसबुक के माध्यम से अपील की थी कि 20 अप्रैल को गोवा एक्सप्रेस से नंद कुमार चौहान पहुंचेंगे। आप सभी कार्यकर्ताओं से निवेदन हैं, सुबह रेलवे स्टेशन पहुंचे। उपाध्यक्ष नंदन करोड़ी ने भी इसे अपनी प्रोफाइल पर पोस्ट करते हुए जिलाध्यक्ष को टैग किया। लेकिन ये दोनों ही सुबह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर नहीं पहुंच पाए। नंदकुमारसिंह जब यहां से सर्किट हाउस जाने के लिए गाड़ी में बैठकर जाने लगे, तब जिलाध्यक्ष पहुंचे जरूर लेकिन चर्चा सर्किट हाउस में ही हुई। जिलाध्यक्ष बोले- मैं थोड़ा लेट हो गया था पर रेलवे स्टेशन पहुंच गया था।

ये भी पढ़ें

मीटर विवाद एक महीने का हुआ, न शासन का आया जवाब, न निगम-विश्वा एकमत

सर्किट हाउस में हुई चर्चा
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य, मप्र चुनाव प्रबंधन समिति सदस्य के पद भी नंदकुमारसिंह चौहान के पास हैं। अल्प प्रवास पर सर्किट हाउस में उनसे मिलने जिलाध्यक्ष हरीश कोटवाले, खंडवा विधायक देवेंद्र वर्मा, पंधाना विधायक योगिता बोरकर, राजपालसिंह तोमर, जितेंद्र सिसोदिया व अन्य पहुंचे। कुछ देर यहां चर्चा हुई।

मयूर के परिजन को बंधाया ढांढस
सांसद चौहान सर्किट हाउस से सीधे भाजपा कार्यकर्ता और साउंड संचालक मयूर करोड़ी के घर गए। बुधवार रात मयूर की मौत जसवाड़ी रोड पर कृषि कॉलेज के सामने मैरिज गार्डन में करंट लगने से मौत हो गई थी। सांसद ने परिजन को ढांढस बंधाया। यहां से वे कोरगला एवं सुरगांव जोशी में सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चले गए।

सांसद बोले- मैं दिलों में रहता हूं
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा खंडवा ग्रामीण का एक पोस्टर चर्चाओं में है, जिसमें राकेश सिंह को प्रदेशाध्यक्ष बनने की बधाई दी गई है, इसमें नंदकुमार सिंह चौहान का फोटो नहीं है। सोशल मीडिया पर ये वायरल हो रहा है। टिप्पणियां की जा रही हैं। इससे जुड़े सवाल पर सांसद नंदकुमारसिंह ने कहा कि इससे फर्क नहीं पड़ता, मैं दिलों में रहता हूं। हालांकि बाद में इस पोस्टर को बदल दिया गया, जिसमें सांसद नंदकुमारसिंह चौहान का फोटो भी है।

...और ये नसीहत दे गए सभी को
पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव नजदीक है और हम सब को मिलकर विधानसभा के साथ ही लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटना है। मेरे भी विधानसभा स्तर के कार्यक्रम आप लोग तय करें ताकि क्षेत्र में घुमकर क्षेत्रवासियों की समस्याओं का निदान किया जा सके। छोटे-से-छोटे काम पर ध्यान देना है।

ये भी पढ़ें

मीटर बगैर होंगे अभी नल कनेक्शन, सरकार से रुपए लाकर बाद में लगाएंगे

Published on:
21 Apr 2018 11:51 am
Also Read
View All