
Bengal Political News: पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी के घर के बाहर लगी पुलिस पर राजनीति गर्मा गई है। इस पर मंत्री दिलीप घोष ने चुटकी लेते हुए बड़ा बयान दिया है। दिलीप घोष ने कहा कि ममता बनर्जी हमेशा सड़कों पर घूमती रहती हैं। उनके घर के बाहर पुलिस इसलिए तैनात की गई है ताकि उनकी सुरक्षा बनी रहे और कोई उन पर अंडा न फेंक सके।
मंत्री दिलीप घोष ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राज्य के प्रस्तावित दौरे पर कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जो स्वतंत्र भारत के प्रथम राजनीतिक शहीद और अंतिम महापुरुष, उनको सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए मूर्ति स्थापना के लिए आज भूमि पूजन का आयोजन है। गृह मंत्री अमित शाह, जो सालों से बंगाल में परिवर्तन के लिए लगे हुए थे उनके करकमलों से वो काम होगा। हम गौरवान्वित हैं कि बंगाल के जनक को हम सच्ची श्रद्धांजलि दे पाएंगे।
वहीं, बीते रविवार को मंत्री दिलीप घोष ने मीडिया से बात करते हुए शुभेन्दु सरकार की मंशा बताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण प्रशासनिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नयी सरकार ने बेहद आक्रामक और सख्त रुख अपनाया है। दिलीप घोष ने बताया कि पश्चिम बंगाल में करीब 2,000 पंचायत प्रधान इस समय या तो पूरी तरह निष्क्रिय हैं या फिर डर के मारे फरार चल रहे हैं।
शुभेन्दु सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि फरार और छिपे हुए पंचायत प्रतिनिधियों को अब डरने की जरूरत नहीं है। अभी तक आपके विरोध में अंडे फेंके जा रहे थे, लेकिन अगर अब भी काम पर नहीं लौटे तो ईंटें भी चल सकती हैं। इसलिए बेहतर होगा कि स्वेच्छा से वापस आएं और जनता का काम शुरू करें।
दिलीप घोष ने कोलकाता में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बड़ी संख्या में पंचायत प्रधानों के कार्यालय न आने या इलाका छोड़कर भाग जाने के कारण ग्रामीण विकास पूरी तरह ठप हो गया है। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और अन्य बुनियादी प्रशासनिक सेवाओं के लिए पंचायत दफ्तरों से रोज निराश होकर लोगों को लौटना पड़ रहा है।