कोटा

कोटा: जेके लोन अस्पताल में पार्किंग विवाद ने लिया हिंसक रूप, तीमारदार को सरियों-डंडों से पीटा

कोटा के नयापुरा थाना क्षेत्र स्थित जेके लोन अस्पताल में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया।

2 min read
Mar 31, 2026
फोटो पत्रिका नेटवर्क

कोटा। नयापुरा थाना क्षेत्र स्थित जेके लोन अस्पताल में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। पार्किंग कर्मचारियों और मरीज के परिजनों के बीच हुई इस मारपीट में दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन की पोल खोल दी है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित ओमप्रकाश अपनी सास को अस्पताल में भर्ती कराने आए थे। इलाज के बाद जब वह अपनी कार बाहर निकलने लगे, तो पार्किंग कर्मचारियों ने बिना पर्ची दिए ही उनसे पैसे की मांग की। इस पर आपत्ति जताने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि पार्किंग कर्मचारी आक्रामक हो गए और लोहे के सरियों व डंडों से हमला कर दिया। हमले में ओमप्रकाश और उनके भाई को हाथ-पैर में चोटें आईं। आरोप है कि कर्मचारियों ने कार पर पत्थर फेंककर उसके कांच भी तोड़ दिए। हंगामे के दौरान अस्पताल में मौजूद अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। वायरल सीसीटीवी फुटेज में पूरा घटनाक्रम साफ दिखाई दे रहा है।

स्टैंड संचालक की मनमानी जारी

अस्पताल परिसर में संचालित पार्किंग स्टैंड को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुके हैं। मरीजों के परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार, जबरन वसूली और बिना पर्ची पैसे लेने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे स्टैंड संचालक की मनमानी लगातार बढ़ती जा रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जेके लोन अस्पताल परिसर में स्टैंड संचालक मनमाने तरीके से वाहन चालकों से वसूली करता है। यदि कोई व्यक्ति विरोध करता है तो उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। इस संबंध में राजस्थान पत्रिका ने समाचार प्रकाशित हो चुके हैं, लेकिन न तो अस्पताल प्रशासन ने कोई सख्त कदम उठाया और न ही पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की।

मुकदमा दर्ज कर लिया है

पीड़ित की शिकायत पर स्टैंड संचालक के कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जितेन्द्र शर्मा, एसआइ नयापुरा थाना

कमेटी बनाकर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी

दोनों पक्षों के बीच विवाद होते ही तुरंत पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुला लिया गया था। पुलिस दोनों पक्षों को अपने साथ थाने ले गई। इससे पहले भी जब इस संबंध में खबर प्रकाशित हुई थी, तब संचालक के खिलाफ 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया था। मंगलवार को एक बार फिर इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ है, इसलिए अब दोबारा कमेटी गठित कर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अमित जोशी, उपाधीक्षक, जेके लोन अस्पताल

Updated on:
31 Mar 2026 08:35 pm
Published on:
31 Mar 2026 08:34 pm
Also Read
View All

अगली खबर