कोटा

नदी पार करते समय बाइक सहित तीन जने बहे, सुरक्षित निकले

Aug 25, 2026
Rajasthan

इलाज करवाने आए थे देवरी


देवरी (बारां). देवरी क्षेत्र के कोटरा गांव के पास रैफी नदी को पार करते समय गांव के तीन लोग बाल-बाल बचे। ग्रामीण राकेश सहरिया ने बताया कि रविवार को गांव के तीन महिला-पुरुष बाइक से देवरी इलाज कराने आए थे। रामराज, रामस्वरूप और सरस्वती सहरिया इलाज करवाकर देवरी कस्बे से करीब पांच बजे बीलखेडा डांग सहरिया कॉलोनी के पास पहुंचे जहां मध्यप्रदेश में अधिक बारिश होने की वजह से रैफी नदी उफान पर थी। इससे इन लोगों ने नदी उतरने का इंतजार किया। रपट पर पानी कम होने के बाद बाइक निकालते समय अचानक अधिक उफान होने पर तीनों बाइक के साथ नदी में बह गए लेकिन कुछ दूरी पर पहुंचते ही तीनों नदी के किनारे तट पर पार लग गए जिससे जन हानि होते-होते बची लेकिन बाइक बह गई। सोमवार को ग्रामीणों के सहयोग से नदी में बाइक खोजने के लिए दर्जनों ग्रामीणों की मदद से पेड़ों से रस्सी बांध कर पानी में खोजने की कोशिश की।


रपट छोटी होने से परेशानी

रैफी नदी बड़ी नदी है, इसमें मध्यप्रदेश राज्य के शिवपुरी जिले का पानी आता है और दो बड़ी नदी मिलने से और बड़ी बन जाती है। नदी पर अभी दो साल पहले रपट का निर्माण कार्य किया गया था जबकि ये रपट नदी तल से दो तीन फीट ऊंची है। ग्रामीणों के अनुसार इस रैफी नदी पर बड़ी पुलिया निर्माण कार्य हो जाए तो समूचे क्षेत्र को बारिश के दिनों में राहत मिलेगी।


पहले भी हुई कई हादसे


इस रैफी नदी पर बड़ा पुल नहीं होने की वजह से हर साल कई हादसे होते हैं। अभी कुछ दिनों पहले भी एक बाइक सवार युवक बाइक के साथ बह गया लेकिन युवक जैसे-तैसे पार लगा, बाइक बह गई। पिछले साल एक युवक की मौत हो गई थी।

Updated on:
25 Aug 2026 06:00 am
Published on:
25 Aug 2026 06:00 am