
भंवरगढ़. श्रावण महीने के अंतिम सोमवार को सीताबाड़ी से भंवरगढ़ कस्बे तक कांवड़ यात्रा निकाली गई जिसमें ग्रामीणों व महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया। यहां शाहबाद रोड स्थित कमलेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। दोपहर 2 बजे जैसे ही कस्बे में कांवड़ यात्रा पहंुची कस्बा वासियों ने भव्य स्वागत किया। बस स्टैंड से लेकर कमलेश्वर महादेव मंदिर तक जहां ड्रोन से गुलाबी पंखुड़ियां की वर्षा की गई वहीं बस स्टैंड के समीप युवाओं ने बुलडोजर से गुलाब के फूल बरसाए, महिलाओं ने छतों पर से पुष्प वर्षा की। यात्रा में शामिल महाकाल की शाही सवारी व अन्य झांकियां, बग्गियां आकर्षण का केंद्र रही। कस्बे के 2101 कांवड़िए 4202 कलश लेकर कस्बे के बारां बाइपास से प्रवेश कर बस स्टैंड, तात्या टोपे चौराहा, पुराना बस स्टैंड, मैन बाजार, सांवरिया चौक, पुरानी पंचायत रोड़ होते हुए कमलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण पहुंचे, वहां पहुंचने के बाद जलाभिषेक प्रारंभ किया। पुरानी पंचायत रोड़ पर कस्बे के मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा कांवड़ियों का स्वागत किया। दोपहर बाद मुख्य यजमान सूर्यप्रताप सिंह चौधरी पुत्र महिपाल चौधरी व स्वर्ण कावड़ धारक संजय शर्मा द्वारा आरती के बाद प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम संपन्न हुआ। इधर क्षेत्र के घट्टी परानियां गांव के युवाओं द्वारा भी कपिलधारा से पवित्र जल भरकर कावड़ यात्रा लेकर कालीसोत धाम पहुंच भगवान भोले शंकर का जलाभिषेक किया।
Updated on:
25 Aug 2026 06:01 am
Published on:
25 Aug 2026 06:01 am
