
- जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने जेल का किया औचक निरीक्षण
- चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता व केन्टीन व्यवस्था एवं खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता में सुधार के दिए निर्देश
- कैदियों से किया संवाद सुनी समस्याएं
बारां. जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सत्यनारायण टेलर ने मंगलवार शाम को जिला कारागृह का औचक निरीक्षण कर बंदियों की समस्याओं सुनी तथा भोजन की गुणवत्ता, केन्टीन, सुरक्षा व्यवस्था और साफ.-सफाई की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बंदियों द्वारा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सही नहीं होने, केन्टीन सामग्री उपलब्ध नहीं होने व बन्दियों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की शिकायत जिला एवं सेशन न्यायाधीश को बताई। जिस पर उन्होंने रसोई घर, केंटीन की गहन जांच की, जांच के दौरान केन्टीन में सामग्री नहीं पाए जाने पर जिला जेलर को केन्टीन सामग्री उपलब्ध कराने व खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुधारने एवं कैदियों को गुणवत्तापूर्ण संतुलित भोजन उपलब्ध कराने व आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस मोके पर संवाद के दौरान बंदियों द्वारा जेल के बैरकों में मच्छरों की समस्याओं से अवगत कराया गया, जिस पर जेलर को बैरकों की व्यवस्थाओं में आवश्यक बदलाव करने और बारिश के मौसम में जेल परिसर में साफ.-सफाई व समय समय पर फोगिंग करने का विशेष ध्यान रखने के लिए निर्देशित किया।
इस दौरान जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने बंदियों को विधिक जानकारी भी दी और मुकदमों में पैरवी से संबंधित उनकी समस्याओं और जरूरतों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कैदियों को मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं व आवासीय व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान भूपेन्द्र योगी, प्रोटोकाल अधिकारी जिला न्यायालय बारां भी मौजूद रहे।