कोटा

डाबी में मुख्य मार्ग से हटाया अतिक्रमण

Aug 14, 2026
Rajasthan

आवागमन सुचारू करने की कवायद
डाबी. कस्बे के मुख्य मार्ग में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। गुरुवार को डाबी थानाधिकारी हेमराज शर्मा मय जाप्ते के लवकुश सर्कल पर पहुंचकर दुकानों के बाहर रखा सामान, अस्थायी ठेले तथा अन्य अवरोध हटवाए। कार्रवाई के दौरान बाजार में सड़क किनारे खाली स्थान कराया गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

कस्बे के मुख्य मार्ग में लंबे समय से दुकानों के बाहर सामान रखने और अस्थायी अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो रही थी। इससे कई बार यातायात प्रभावित होने के साथ जाम की स्थिति भी बन रही थी। पुलिस ने दुकानदारों से सड़क और सार्वजनिक स्थान पर दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी। थानाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक मार्ग को बाधामुक्त रखना सभी की जिम्मेदारी है।

ग्रामीणों ने मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का स्वागत करते हुए नियमित रूप से निगरानी रखने की मांग की, ताकि बाजार में दोबारा अतिक्रमण नहीं हो और आवागमन सुचारू बना रहे।

Updated on:
14 Aug 2026 06:01 am
Published on:
14 Aug 2026 06:01 am