कोटा

Kota: हाईटेंशन लाइन हादसे में 1 महिला की मौत, कई झुलसे, कोटा में पहले भी हुए इन 3 हादसों में छिन चुकी हैं जिंदगियां

Rajasthan News: कोटा के अनंतपुरा क्षेत्र की बरड़ा बस्ती में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई और कई लोग झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना ने शहर में पहले हो चुके हाईटेंशन लाइन हादसों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया।
2 min read
Jul 06, 2026
Kota High Tension Line accident
जिस घर में हादसा हुआ है उसके पास से निकल रहा बिजली का खंबा और इनसेट में मृतका सलमा की फाइल फोटो: पत्रिका

Woman Died In High Tension Line Accident Of Kota: कोटा के अनंतपुरा क्षेत्र की बरड़ा बस्ती क्षेत्र में हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से एक महिला की मौत के मामले में कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने परिजनों को उचित मुआवजा देने व शहर में लटके हुए तारों को ऊंचा करने की मांग की। घटनास्थल पर पहुंची गौतम ने लापरवाही के लिए जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई करने, मृतक के परिजनों को सरकार की ओर से उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने हादसे में घायलों से अस्पताल जाकर उनकी कुशलक्षेम पूछी।

घटनास्थल पर लोगों से बात करती हुई कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौतम (फोटो: पत्रिका)

विधायक संदीप शर्मा ने घायलों से की मुलाकात

कोटा की बरड़ा बस्ती में 33 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन का इंसुलेटर टूटने से हुए हादसे में घायलों से कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने नवीन मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में मुलाकात की। विधायक ने सभी घायलों का समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिजनों को सरकार और प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। शर्मा ने ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर से घटना की निष्पक्ष जांच करवाने का आग्रह किया।

उन्होंने भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत लाइनों के नियमित निरीक्षण और आवश्यक रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस दौरान कीर्तिकान्त गोयल, संजय निझावन, मण्डल अध्यक्ष पन्नालाल बंजारा, कमलकान्त शर्मा, गिरिराज शर्मा व विष्णु शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।

बारिश के मौसम में अक्सर इंसुलेटर टूटने की घटनाएं हो जाती है। जिस टावर पर इंसुलेटर लगा हुआ था, वह पथरीला इलाका है और उस टावर के चारों और मकान बने हुए है। वहां करंट के कारण अर्थ फॉल्ट हो गया था। हादसे की सूचना मिलते ही विभाग की टेक्निकल टीम मौके पर पहुंची थी। करीब दो घंटे तक वहां रहकर स्थिति को संभाला।
आशीष जौहरी, एक्सईएन, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड

3 दर्दनाक हादसों ने छीनी जिंदगियां

कोटा में पिछले कुछ वर्षों में हाइटेंशन लाइनों से जुड़े कई गंभीर हादसे सामने आ चुके हैं। जिनमें कई लोगों की मौत और कई झुलस चुके हैं।

  • 8 मार्च 2024 : कुन्हाड़ी की काली बस्ती में शिव बारात के दौरान झंडा हाईटेंशन लाइन से छू जाने पर 14 बच्चे झुलस गए थे, जिनमें तीन बच्चों की मौत हो गई थी।
  • 13 जुलाई 2025 : कुन्हाड़ी क्षेत्र की सकतपुरा काली बस्ती में आठ माह की गर्भवती महिला प्रिया कहार की घर पर कपड़े सुखाते समय करंट लगने से मौत हो गई। गीले कपड़े सुखाने वाले तार में अचानक करंट उतर आ गया। महिला को बचाने की कोशिश में उसका पति भी झुलस गया।
  • 8 अक्टूबर 2025 : प्रेम नगर थाना क्षेत्र में नाली की सफाई के दौरान लोहे का सरिया 11 केवी हाइटेंशन लाइन से छू गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर झुलस गई।
Updated on:
06 Jul 2026 08:15 am
Published on:
06 Jul 2026 08:14 am