लाइफस्टाइल

सर्दियों में रूखे, फ्रिजी और स्टैटिक हेयर की समस्या से कैसे बचें? Cleveland Clinic से जानें Hair Care Tips 

Winter Hair Care: सर्दियों में बालों को हेल्दी बनाए रखने के लिए क्या करना चाहिए और किन बातों से बचना चाहिए? आइए, Cleveland Clinic से जानते हैं बालों को टूटने से बचाने और स्वस्थ रखने के आसान Hair Care Tips।
3 min read
• •
Updated: 23 Oct 2026, 2:27 PM IST
Winter Hair Care Tips
सर्दियों के लिए Hair Care Tips(representative image) image credit Magnific

Winter Hair Care Tips: सर्दियों में जैसे-जैसे मौसम बदलता है, स्किन के साथ-साथ बालों को भी खास देखभाल की जरूरत होती है। ठंड, सूखी हवाओं, हीटर की गर्मी और हेयर स्टाइलिंग टूल्स के इस्तेमाल से बाल रूखे और बेजान हो सकते हैं। ऐसे में सर्दियों के मौसम के हिसाब से बालों की सही देखभाल करना जरूरी है। आइए जानते हैं कि सर्दियों में बालों को रूखा होने और टूटने से बचाने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और कौन-से टिप्स अपनाए जा सकते हैं।

बालों को धीरे-धीरे कंघी करें

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, सर्दियों में बाल रूखे हो सकते हैं। ऐसे में उन्हें जोर-जोर से कंघी करने या उलझे बालों को खींचकर सुलझाने से उनके टूटने का खतरा बढ़ सकता है। खासकर गीले बाल अधिक नाजुक होते हैं, इसलिए उन्हें धोने के बाद जोर से कंघी करने से बचना चाहिए।

बालों को सुलझाने के लिए चौड़े दांतों वाली कंघी का इस्तेमाल करें। इसके लिए सबसे पहले बालों के सिरों पर बनी गांठों को धीरे-धीरे खोलें। इसके बाद ऊपर की तरफ बढ़ें। ऐसा करने से बालों पर खिंचाव कम पड़ता है और उनके टूटने की आशंका घट सकती है।

बार-बार Hair Color और Hair Bleach कराने से बचें

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, बालों को बार-बार कलर करना या ब्लीच कराना उनकी प्राकृतिक बनावट को नुकसान पहुंचा सकता है। खासकर ब्लीचिंग के दौरान बालों का रंग हल्का करने के लिए इस्तेमाल होने वाले केमिकल उनके प्रोटीन और फैटी एसिड को प्रभावित कर सकते हैं। इससे बाल कमजोर, रूखे और टूटने के प्रति अधिक संवेदनशील हो सकते हैं। ऐसे में सर्दियों के दौरान, जब बाल पहले से रूखे हों, तो बार-बार केमिकल ट्रीटमेंट कराने से बचना बेहतर है। अगर बालों को कलर कराना जरूरी है, तो ट्रीटमेंट के बीच पर्याप्त अंतर रखें।

बालों को बहुत कसकर न बांधें

कुछ लोग सर्दियों में बालों को संभालने के लिए टाइट पोनीटेल, जूड़ा या चोटी बना लेते हैं। लेकिन बालों को बहुत कसकर बांधने से उनकी जड़ों और लंबाई पर खिंचाव पड़ सकता है। इससे खासकर पतले, कमजोर या पहले से कलर किए हुए बाल टूट सकते हैं। इसलिए बाल बांधते समय ढीली और आरामदायक हेयरस्टाइल चुनें। रबर बैंड की जगह मुलायम कपड़े वाले हेयर बैंड का इस्तेमाल करना बेहतर हो सकता है। बाल खोलते समय भी उन्हें जोर से न खींचें, ताकि टूटने की समस्या कम हो सके।

बालों में Static Electricity की समस्या कम करने के लिए नमी बनाए रखें

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, सर्दियों में बालों का हवा में उड़ना, आपस में चिपकना या टोपी उतारते ही बिखर जाना स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी के कारण हो सकता है। ठंडी और शुष्क हवा में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है। बालों में नमी कम होने पर भी यह परेशानी बढ़ सकती है। इससे बचने के लिए अपने बालों के प्रकार के अनुसार कंडीशनर और नमी बनाए रखने वाले हेयर केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें। इससे बालों को मुलायम रखने और उलझने की समस्या कम करने में मदद मिल सकती है।

सर्दियों में बाल कितनी बार धोने चाहिए?

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, सर्दियों में बाल कितनी बार धोने चाहिए, यह आपकी स्कैल्प में तेल बनने की मात्रा और बालों के प्रकार पर निर्भर करता है। अगर स्कैल्प जल्दी तैलीय हो जाती है, तो बालों को ज्यादा बार धोने की जरूरत पड़ सकती है। वहीं, रूखे या केमिकल ट्रीटमेंट वाले बालों को कम बार धोना बेहतर हो सकता है। बाल धोने के बाद अपने बालों के प्रकार के अनुसार कंडीशनर जरूर लगाएं। इससे बालों को मुलायम बनाने, उलझन कम करने और स्टैटिक की समस्या घटाने में मदद मिल सकती है। अगर स्कैल्प में रूखापन है, तो उसके अनुसार मॉइस्चराइजिंग प्रोडक्ट का इस्तेमाल भी उपयोगी हो सकता है। इसके अलावा, संतुलित डाइट, स्वस्थ लाइफस्टाइल और समय-समय पर हेयर ट्रिमिंग कराने से भी बालों को स्वस्थ बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

Updated on:
23 Oct 2026, 2:27 PM IST
Published on: