लखनऊ

अखिलेश यादव का सरकार पर हमला, बोले- किसानों को नहीं मिल रही खाद

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश के किसान को पहले धान की फसल के लिए खाद नहीं मिली। कई जगहों पर किसानों पर लाठीचार्ज हुआ। किसान घायल हुए। अब वहीं स्थिति गेहूं की फसल के लिए भी है।
less than 1 minute read
Oct 26, 2025
Feature image
अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर साधा निशाना, PC- IANS

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान लगातार खाद के संकट से जूझ रहे हैं। धान के बाद अब गेहूं और अन्य फसलों की बुआई के लिए भी किसानों को डीएपी और एनपीके जैसी उर्वरकें नहीं मिल रही हैं। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।

उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी, महोबा, फतेहपुर, बदायूं, अमेठी समेत अन्य जिलों में सहकारी समितियों पर किसानों की लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। किसान दिन भर इंतजार करते हैं, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिलती है। हर दिन सैकड़ों किसान निराश होकर वापस लौट रहे हैं। प्रदेश में जबसे ये सरकार आई है, खाद संकट कम नहीं हो रहा है। खाद की कालाबाजारी और मुनाफाखोरी जारी है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों को बर्बाद कर दिया है। किसानों की लगातार उपेक्षा हो रही है। सरकार किसानों के प्रति संवेदनहीन है। यह किसान विरोधी सरकार है। सरकार पूरी साजिश के तहत किसानों को खेती और उनकी जमीनों से दूर कर रही है।

कई किसानों पर हुआ लाठीचार्ज

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश के किसान को पहले धान की फसल के लिए खाद नहीं मिली। कई जगहों पर किसानों पर लाठीचार्ज हुआ। किसान घायल हुए। अब वहीं स्थिति गेहूं की फसल के लिए भी है। महोबा में हजारों किसान खाद के लिए सहकारी समितियों पर पहुंचे, लेकिन सिर्फ कुछ लोगों के अलावा किसी को खाद नहीं मिली। लखीमपुर में सहकारी समितियों पर खाद नहीं पहुंची।

Updated on:
26 Oct 2025 08:19 pm
Published on:
26 Oct 2025 08:19 pm