
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। जयपुर में मीडिया से रूबरू होते हुए अखिलेश ने योगी को 'नकली संत' करार दिया और दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समुदाय भारतीय जनता पार्टी का 'शुद्धिकरण' कर देगा।
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि यूपी में एक ऐसे 'नकली संत' बैठे हैं जो दूसरों से योग्यता का सर्टिफिकेट मांगते हैं, जबकि उनके पास खुद का कोई प्रमाण नहीं है। उन्होंने सीएम योगी की जीवनशैली और खेल कौशल पर चुटकी लेते हुए कहा:
'वो कहते हैं कि 3:30 बजे उठते हैं, लेकिन योगा करते समय डगमगाने लगते हैं। क्रिकेट खेलते हैं तो तीन टप्पे के बाद बल्ला घुमाते हैं और बास्केटबॉल में तो ऐसा लगता है जैसे बुलडोजर पर चढ़कर बॉल डालेंगे।'
सपा प्रमुख ने भाजपा पर चुनाव आयोग के साथ मिलकर धांधली करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा, भाजपा ने एक अनपढ़ व्यक्ति के फर्जी हस्ताक्षर करवाकर समाजवादी पार्टी के समर्थकों के नाम कटवा दिए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि SIR (समीक्षा एवं सुधार) के दौरान जानबूझकर सपा कार्यकर्ताओं और PDA वर्ग के लोगों को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है और भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है।
शंकराचार्य को मिली जान से मारने की धमकी पर अखिलेश ने कहा कि असली संत और शंकराचार्य आज यूपी में नकली संतों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि PDA के लोग हमेशा शंकराचार्य के साहस का सम्मान करते रहे हैं और करते रहेंगे। शंकराचार्य को बदनाम करने के लिए एक तंत्र काम कर रहा है।
अखिलेश ने तंज कसा कि बंगाल चुनाव खत्म होते ही पूरी भाजपा और राजस्थान के चुनाव लड़ाने वाले लोग यूपी पहुंच जाएंगे। उन्होंने गठबंधन पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, 'मुझे गठबंधनों का लंबा अनुभव है, भविष्य में वही गठबंधन रहेगा जो अभी चल रहा है। इस बार यूपी में खुशहाली और भाईचारे वाली सपा सरकार बनने जा रही है।'