लखनऊ

गांव-गांव क्यों घूम रहे वरुण गांधी, खुद बताया इसका कारण

सुल्तानपुर पहुंचे सांसद वरुण गांधी ने कहा गांव-गांव जाने का उनका मकसद है कि वह हर उस व्यक्ति तक पहुंच सकें जिनकी आवाज कोई नहीं सुनता।
2 min read
Jun 12, 2018
gg
गांव-गांव क्यों घूम रहे वरुण गांधी, खुद बताया इसका कारण

लखनऊ/ सुल्तानपुर. अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे सांसद वरुण गांधी ने कहा कि वह दलों की राजनीति नहीं दिलों को जोड़ने की राजनीति करने आए हैं। अपने दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को पहुंचे भाजपा सांसद का कार्यकर्ताओं ने जमकर स्वागत किया। जिले में जगह जगह हुए अपने स्वागत से अभिभूत सांसद वरुण गांधी ने कहा कि यहां के युवाओं ने मेरा ऐसा स्वागत किया है कि मैं शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकता। मैं उनका नाम भी नहीं जानता लेकिन इतना जानता हूँ कि ये युवा शक्ति देश की ताकत है ।

स्वागत से दिखे बेहद खुश

सुल्तानपुर के अलीगंज बाजार में युवाओं द्वारा किये गए अपने स्वागत से अभिभूत भाजपा द्वारा आयोजित ग्राम चौपाल को संबोधित करते हुए सांसद वरुण गांधी ने कहा कि मेरा हमारा जितना जोरदार स्वागत हुआ है, हम इस तरह के स्वागत करने वालो के आभारी हैं। हम उनके नौजवानों का उत्साह, ताकत और हुजूम को देखकर मैं उन सबका तहेदिल से स्वागत करता हूं । उन्होंने कहा कि मैं उन युवाओं का नाम तो नहीं जानता लेकिन मैं उनके उत्साह, उनकी लगन और उनकी ताकत को प्रणाम करता हूं।

इशारों में काफी कुछ कह गए

वही वरुण ने इस दौरान कहा कि काम एक का होता है नाम कइयों का होता है लेकिन यह मेरे साथ मत समझना। यदि किसी तिनके ने मेरा साथ दिया। जिंदगी भर उस व्यक्ति का ऐहसान मानने वाला व्यक्ति हूँ। वह बोले, 'मैं दलगत राजनीति नहीं करता , मैं दिलगत राजनीति करता हूं और मैं यहां यही करने आया हूँ । यहां के लोगों से मेरा राजनीतिक सम्बन्ध नहीं है । यहां के लोगो से मेरा घर का पारिवारिक रिश्ता है।

गांव में लगाई चौपाल

वरुण बोले गांव-गांव जाने का उनका मकसद है कि वह हर उस व्यक्ति तक पहुंच सके जिनकी आवाज कोई नहीं सुनता। इस दौरान वरुण ग्राम चौपाल में महिलाओं की बड़ी संख्या को देख बेहद खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि अमूमन ऐसी राजनीति के लिए महिलाये कम निकलती हैं लेकिन जब निकलती है तो वो खिली हुई और सजी हुई दिखती हैं। जैसे लगता है कि देवी ऊपर से प्रसाद बरसा रही हों। हमलोग राजनीति में जन्में है लेकिन राजनीति और जीवन के कुछ उसूल एक जैसे है। जीवन का एक उसूल है रिश्ते को बनाना तथा दूसरा उसूल है रिश्ते को निभाना और हम यहां जीवन के दोनों उसूल पूरे रहे हैं।

35 सड़कों का लोकार्पण भी करेंगे

इसी के साथ वरुण गांधी 35 सड़कों का लोकार्पण भी करेंगे। साथ ही जयसिंहपुर क्षेत्र में आकाशीय बिजली से मौत का शिकार हुए लोगों के परिजनों से मिलने का भी कार्यक्रम तय है। गणेशगंज शिव मंदिर, बहमरपुर, विनायकपुर, मझली, सरकौड़ा, महाकाल मंदिर कुड़वार, सुरेशनगर, संत तुलसीदास जूनियर हाईस्कूल बहुबरा, जूनियर हाईस्कूल अगई, इंटरकालेज देवलपुर, सोहगौली व तिरछे में आयोजित ग्राम चौपालों में शिरकत करेंगे। बुधवार को दूबेपुर क्षेत्र की कई ग्राम चौपाल में भाग लेंगे। इसके अलावा सांसद निधि की 35 सड़कों का लोकार्पण करेंगे। इसी के साथ वे अधिवक्ता सभागार का भूमि पूजन भी करेंगे।

Updated on:
12 Jun 2018 05:05 pm
Published on:
12 Jun 2018 05:00 pm