
Uttar Pradesh Politics: संसद परिसर में कथित नुक्कड़ नाटक को लेकर सांसद पप्पू यादव, राहुल गांधी और अन्य विपक्षी सांसदों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद अब कांग्रेस ने भी जवाबी कदम उठाया है। कांग्रेस ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत अन्य नेताओं के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया है कि हाल ही में लखनऊ में आयोजित भाजपा के रोड शो के दौरान भगवान हनुमान के स्वरूप का राजनीतिक कार्यक्रम में इस्तेमाल किया गया। कांग्रेस का कहना है कि इससे करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने अयोध्या नगर कोतवाली पहुंचकर कोतवाल मनोज शर्मा को प्रार्थना पत्र सौंपा और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
कांग्रेस की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि 6 जुलाई को लखनऊ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत में निकाले गए रोड शो के दौरान भगवान हनुमान के स्वरूप को भाजपा का झंडा पकड़ाकर नृत्य कराया गया। कांग्रेस ने इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस तहरीर पर कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी।
इससे पहले संसद परिसर में साधु वेश और भगवा वस्त्र पहनकर किए गए कथित प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी, पप्पू यादव, अवधेश प्रसाद समेत कई विपक्षी सांसदों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर किए गए इस प्रदर्शन से करोड़ों सनातन श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसी मामले में वाराणसी और अन्य स्थानों पर भी शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं।
भाजपा नेता राम मोहन भारती ने भी संबंधित मामले में पुलिस को तहरीर देकर राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उनका आरोप है कि संसद परिसर में किए गए प्रदर्शन से धार्मिक सौहार्द प्रभावित हुआ और सनातन धर्म के अनुयायियों की भावनाओं को ठेस पहुंची।
राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े विवाद और संसद परिसर में हुए प्रदर्शन के बाद अब भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। एक ओर भाजपा विपक्षी सांसदों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है, वहीं कांग्रेस भी भाजपा नेताओं के खिलाफ शिकायत देकर जवाबी रणनीति अपनाती नजर आ रही है। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायतों पर आगे की कार्रवाई पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर तय होगी।