
UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 वरिष्ठ IAS अधिकारियों का तबादला कर दिया। गोरखपुर, बरेली और प्रयागराज में नए मंडलायुक्त नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा आवास, कृषि, ऊर्जा, गृह और औद्योगिक विकास समेत कई अहम विभागों में भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को 13 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले कर प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। इस फेरबदल में कई महत्वपूर्ण विभागों और मंडलों के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सबसे बड़ा बदलाव गोरखपुर, बरेली और प्रयागराज मंडलों में हुआ है। गोरखपुर के मंडलायुक्त अनिल ढींगरा को अब यूपी आवास एवं विकास परिषद का आवास आयुक्त बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें नगर भूमि सीमांकन के निदेशक और आवास एवं शहरी नियोजन विभाग में सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। उनकी जगह कृषि विभाग के सचिव इन्द्र विक्रम सिंह को गोरखपुर का नया मंडलायुक्त बनाया गया है।
प्रमुख सचिव कृषि रविन्द्र को उनके मौजूदा पद के साथ राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक वैभव श्रीवास्तव को बस्ती का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। गृह एवं सतर्कता विभाग के सचिव प्रकाश बिन्दु को पीसीडीएफ का नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। बरेली मंडलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी को प्रशासनिक सुधार विभाग में सचिव बनाया गया है। उनकी जगह पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शम्भु कुमार को बरेली का नया मंडलायुक्त बनाया गया है।
प्रयागराज में भी बड़ा बदलाव किया गया है। लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. लोकेश एम. को प्रयागराज का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं मौजूदा मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल को श्रमायुक्त उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा राजस्व परिषद प्रयागराज के सदस्य (न्यायिक) संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सचिव पुष्प राज सिंह को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश पाल अब विशेष सचिव गृह विभाग होंगे।
सरकार ने आवास आयुक्त बलकार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया है। माना जा रहा है कि इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य विभिन्न विभागों और मंडलों में कामकाज को और अधिक प्रभावी बनाना तथा विकास कार्यों में तेजी लाना है।