Monsoon Updates यूपी में मानसून की दस्तक हो गई है। पूरे उत्तर प्रदेश में जोरदार बारिश हो रही है। काले-काले बादल आकाश पर छाए हुए हैं। जमकर हो रही बारिश से यूपी की जनता के चेहरे खिले हुए हैं। मौसम विभाग का अलर्ट है कि, तीन जुलाई तक यूपी कई जिलों में मूसलाधार बारिश होगी तो कही झमाझम बारिश।
Weather Updates यूपी में मानसून की दस्तक हो गई है। पूरे उत्तर प्रदेश में जोरदार बारिश हो रही है। काले-काले बादल आकाश पर छाए हुए हैं। जमकर हो रही बारिश से यूपी की जनता के चेहरे खिले हुए हैं। मौसम विभाग का अलर्ट है कि, तीन जुलाई तक यूपी कई जिलों में मूसलाधार बारिश होगी तो कही झमाझम बारिश। कहीं तेज हवाएं जनता को रोमांचित करेगी तो कहीं तूफान लोगों में डर पैछा करेगा। मौसम विभाग ने चेताया है कि, झमाझम बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी और आकाशीय बिजली भी गिरेगी। साथ ही तीन जिलों में रेड अलर्ट, 12 जिलों में आरेंज अलर्ट और 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी लखनऊ में मौसम खुशनुमा है। बीती रात से लेकर गुरुवार सुबह तक जमकर बारिश हुई। तेज हवाओं की वजह से लाइट गुम रही।
पूर्वांचल के कई जिलों में जोरदार बारिश
उत्तर प्रदेश में मानसून झूमकर बरस रहा है। पूर्वांचल के कई जिलों में जोरदार बारिश हुई है। आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी, गोरखपुर, बस्ती, उरई समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में तीन जुलाई तक प्रदेश में गरज चमक के साथ तूफान की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी यूपी समेत प्रदेश भर में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।
बदायूं, फर्रुखाबाद, कन्नौज में रेड अलर्ट
गुरुवार को प्रदेशभर में भारी वर्षा के साथ बदायूं, फर्रुखाबाद और कन्नौज में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग में इन जिलों में अति भीषण बारिश के साथ जलभराव और जानमाल की क्षति की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।
आगरा में सबसे अधिक व गोरखपुर में सबसे कम तापमान
राजधानी लखनऊ का बुधवार को अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सर्वाधिक तापमान आगरा में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जिलों में तापमान 35 डिग्री से कम रहा। प्रदेश में सबसे कम तापमान गोरखपुर में 24.0 डिग्री सेल्सियस और वाराणसी में 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
12 जिलों में आरेंज अलर्ट जारी
पश्चिमी यूपी के ललितपुर, झांसी, महोबा, हमीरपुर, जालौन, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, मैनपुरी, एटा और कासगंज में तेज हवाओं और गरज चमक के साथ भारी बारिश के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
15 जिलों में येलो अलर्ट
चित्रकूट, बांदा, रायबरेली, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल में गरज चमक के साथ मूसलाधार बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।