
नई दिल्ली। दिल्ली की क्रॉकरी बनाने वाली फैक्ट्री में सोमवार रात आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। इस दौरान एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। जान गंवाने वाले फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। कयास लगाए जा रहे हैं कि गत्ते में आग लगने के बाद इसने भयावह रूप ले लिया। आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
रात की शिफ्ट में काम कर रहे थे मजदूर
जानकारी के मुताबिक दिल्ली के नवादा इलाके में मौजूद क्रॉकरी बनाने वाली फैक्ट्री में आग सोमवार रात 10.30 बजे लगी। जिस समय आग लगी थी उस दौरान कई मजदूर रात की शिफ्ट में काम कर रहे थे। मजदूर अपना काम खत्म कर निकलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान फैक्ट्री में आग लग गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि मजदूरों को भागने का मौका नहीं मिल सका। मरने वाले मजदूरों के नाम सतेंद्र और अरविंद हैं। इस दौरान एक शख्स गंभीर रूप से झुलस गया है। आग से बचने के लिए तीन मजदूरों ने बाथरूम में जाकर अपनी जान बचाई जबकि तीन मजूदर झुलस गए।
पेंट फैक्ट्री में लग गई थी आग
इसे पहले रविवार को यमुनानगर में मौजूद एक फैक्ट्री में आग लग गई थी। मयूर पेंट फैक्ट्री में धमाके के साथ अचानक आग लग गई थी। आग इतनी जबरदस्त थी कि इसने फैक्टरी के बाहर खड़ी, बाइक, साइकिल और एक कैंटर को भी अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि अंदर केमिकल पड़ा होने के कारण आग ने भीषण रूप लिया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। घटना के वक्त फैक्टरी में लगभग दो दर्जन लोग काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने जब धमाके के साथ आग की लपटें देखी तो वे फैक्टरी से बाहर भाग गए। बाहर भागते वक्त दो मजदूर झुलस गए थे।