विविध भारत

आम बजट : दिल्ली पुलिस को 726.45 करोड़ रुपए अधिक मिले, निर्भया फंड भी बढ़ा

आम बजट में दिल्ली पुलिस को कई सौगात पिछली बार से 726.45 करोड़ रुपए मिले ज्यादा पिछले बजट में 7892.55 करोड़ रुपए मिले

2 min read
delhi_dwarka.jpeg

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी और केंद्र शासित पुलिस होने के नाते हर बार की तरह इस बार भी बजट में यहां की पुलिस का सरकार ने खास ख्याल रखा। जिसके चलते शनिवार को आए 2020-21 के बजट में पिछली बार से इस बार दिल्ली पुलिस को 726.45 करोड़ रुपए ज्यादा स्वीकृत किए गए।

दिल्ली पुलिस प्रवक्ता सहायक पुलिस आयुक्त अनिल मित्तल ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि पिछले बजट में दिल्ली पुलिस को 7892.55 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई थी। इस रकम को बढ़ाकर 8619 करोड़ रुपए कर दिया गया।

इस हिसाब से 2020-21 के बजट में दिल्ली पुलिस को करीब 726.45 करोड़ रुपये की धनराशि ज्यादा मिली है। सरकार ने इस बार निर्भया फंड में भी दिल्ली पुलिस का विशेष ख्याल रखा है। बीते बजट में दिल्ली पुलिस को सरकार ने निर्भया फंड में 11.9 करोड़ रुपए की धनराशि आवंटित की थी।

इस बार इस मद में भी मामूली ही सही, मगर बढ़ोत्तरी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के निर्भया फंड में 11.9 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 11.23 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए है। यह बढ़ोत्तरी करीब 14 लाख रुपए की है।

आम बजट पर नजर डाली जाए तो दिल्ली पुलिस के इंफ्रास्ट्रक्चर मद में कटौती कर दी गई है। पिछली बार यह राशि 383.86 करोड़ रुपए थी। जबकि शनिवार को आए बजट में दिल्ली पुलिस को इस मद में सिर्फ 365.62 करोड़ ही नसीब हुए हैं। मतलब करीब 18.24 करोड़ रुपए इस मद में पिछले बजट की तुलना में कम मिले हैं। हालांकि कुल बजट में फिर भी कई गुना की गई बढ़ोत्तरी दिल्ली पुलिस के वित्तीय पायदान पर बेहद मददगार साबित होगी।

Published on:
02 Feb 2020 04:16 pm