विविध भारत

केरल बाढ़ः पीड़ितों के लिए हिमाचल ड्रग एसोसिएशन ने भेजी 1.7 करोड़ रुपए की दवाइयां

मंत्री ने कहा कि एसोसिएशन कुछ दिनों में और दवाएं भेजेगा ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके। राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित राज्य को पांच करोड़ रुपये की राहत सामग्री भी भेजी है।
2 min read
• •
Updated: 1 Sep 2018, 8:12 PM IST
kERALA
केरल बाढ़ः पीड़ितों के लिए हिमाचल ड्रग एसोसिएशन ने भेजी 1.7 करोड़ रुपए की दवाइयां

शिमला। हिमाचल प्रदेश ड्रग्स मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन ने बाढ़ प्रभावित केरल को 1.7 करोड़ रुपये की दवाएं भेजी हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केरल सरकार की मांग के मुताबिक दवाएं मुहैया कराई गई हैं। इनमें एंटीबायोटिक्स, दर्द निवारक, दस्त, इंजेक्शन, सुइयां, सिरिंज और ग्लूकोज की दवाएं शामिल हैं। मंत्री ने कहा कि एसोसिएशन कुछ दिनों में और दवाएं भेजेगा ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके। राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित राज्य को पांच करोड़ रुपये की राहत सामग्री भी भेजी है।

राहत-पुनर्वास सरकार के लिए बड़ी चुनौती

उल्लेखनीय है कि केरल में 96 सालों की सबसे भीषण बाढ़ आई थी, जिसके बाद पुनर्वास और राहत सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य में करीब तीन हजार से ज्यादा घर पूरी तरह से तबाह हो चुके हैं, इसके चलते लाखों लोग बेघर हो गए हैं। वहीं करीब साढ़े तीन हजार एकड़ की फसल भी बर्बाद होने का अनुमान जताया गया है। इनके अलावा राज्य में बाढ़ का पानी उतरने के बाद बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। सरकार के आकलन के मुताबिक राज्य को इस बाढ़ से करीब 20 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।

चारों तरफ से उठे मदद के हाथ

केंद्र सरकार से राज्य सरकार ने करीब एक हजार करोड़ रुपए की मदद मांगी थी, हालांकि केंद्र सरकार की तरफ से अब तक छह सौ करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं। वहीं अलग-अलग राज्यों की तरफ से भी मदद राशि दी जा चुकी है। इनमें बिहार, झारखंड, गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, और पंजाब भी शामिल हैं। इनके अलावा कई खिलाड़ियों, फिल्मी हस्तियों और राजनीतिक हस्तियों ने निजी स्तर भी मदद की है। केरल के सीएम राहत कोष में अब तक पांच सौ करोड़ रुपए से भी ज्यादा की मदद पहुंच चुकी है।

Published on: