
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ( Indian Railways ) ने बुधवार को घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में नई विशेष रेलगाड़ियों ( special trains ) का संचालन किया जाएगा। भारतीय रेलवे उत्तर प्रदेश में पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनों को चलाएगी। इससे पहले मंगलवार को रेलवे ने बिहार में भी 20 जोड़ी ट्रेनों के संचालन की घोषणा की थी।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अजीत कुमार सिंह द्वारा इस संबंध में सूचना जारी की। उत्तर मध्य रेलवे के मुताबिक रेलवे ने जेईई मेंस, नीट, एनडीए और अन्य परिक्षार्थियों की सुविधा के लिए पांच जोड़ी स्पेशल गाड़ियों का संचालन करेगी।
रेलवे ने बताया कि 1 से 13 सितंबर 2020 तक आयोजित होने वाले जेईई मेंस, नीट, एनडीए और अन्य परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों को परीक्षा केंद्र तक आने-जाने की सुविधा के लिए गुरुवार 3 सितंबर से लेकर 30 सितंबर तक पांच जोड़ी विशेष ट्रेनों को चलाने का फैसला लिया है।
इन ट्रेनों में आने-जाने वाले परीक्षार्थियों/मुसाफिरों को सफर के दौरान कोरोना वायरस संबंधी सभी प्रोटोकॉल का पालन करना, मास्क पहनना, सोशल डिस्टेंसिंग और सैनेटाइजेशन के नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। यह ट्रेनें झांसी-लखनऊ जंक्शन स्पेशल ट्रेन, कानपुर-चित्रकूट धाम कर्वी स्पेशल ट्रेन (वाया भीमसेन), आगरा फोर्ट-लखनऊ जंक्शन स्पेशल ट्रेन, झांसी-इटावा स्पेशल ट्रेन और कानपुर-चित्रकूट धाम कर्वी स्पेशल ट्रेन (वाया प्रयागराज) शामिल हैं। यह रेलगाड़ियां रोजाना चलेंगी।
बिहार में नई रेलगाड़ियां
वहीं, रेल मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को एक सूचना जारी की, जिसमें मंगलवार 1 सितंबर से लेकर 13 सितंबर तक आयोजित किए जाने वाले JEE Mains और NEET UG परीक्षा के आयोजन के मद्देनजर अभ्यर्थियों की आवाजाही में आने वाली दिक्कतों का हवाला दिया गया। इसे लेकर बिहार सरकार द्वारा पैसेंजर ट्रेनें संचालित करने की मांग की गई थी।
इसके चलते रेलवे ने 2 सितंबर से लेकर 15 सितंबर तक बिहार में 20 जोड़ी मेमू/डेमू स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। इन ट्रेनों के रूट में पड़ने वाले स्टेशनों पर अनारक्षित टिकट काउंटर खोले जा रहे हैं। जबकि UTS on Mobile पर भी इन स्पेशल मेमू/डेमू ट्रेनों के टिकट खरीदें जा सकेंगे।
इन ट्रेनों में विशेष रूप से पटना-गया, फतुहा-बक्सर, मोकामा-दानापुर, मुजफ्फरपुर-रक्सौल, समस्तीपुर-सहरसा, मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर, बरौनी-कटिहार, समस्तीपुर-कटिहार, बरौनी-पटना, सोनपुर-छपरा, मुजफ्फरपुर-पाटलीपुत्र, गया-डेहरी ऑन सोन, गया-किउल, गया-पटना, राजगीर-दानापुर, रक्सौल-पाटलीपुत्र, रक्सौल-समस्तीपुर जैसे रूटों पर कुल 40 ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।