विविध भारत

दिल्ली में एक दिन में रिकॉर्ड 2 लाख से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन, यूपी-महाराष्ट्र में अब तक दी गई 3 करोड़ से ज्यादा डोज

शनिवार को दिल्ली में रिकॉर्ड 2 लाख से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। जबकि कोविड टीकाकरण के इस अभियान में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में अब तक सबसे अधिक तीन करोड़ डोज लगाए गए हैं।

3 min read
Jun 26, 2021
Over 2 lakh Covid Vaccine Vaccinated In A Day In Delhi, 3 Crore Doses Administered So Far In UP And Maharashtra

नई दिल्ली। कोरोना संकट से निपटने के लिए देशभर में तेजी के साथ टीकाकरण अभियान को बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रिकॉर्ड स्तर पर टीकाकरण किया गया। शनिवार को दिल्ली में रिकॉर्ड 2 लाख से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। जबकि कोविड टीकाकरण के इस अभियान में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक तीन करोड़ डोज अब तक लगाए गए हैं।

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पिछले तीन दिनों में प्रतिदिन 1.5 लाख से अधिक लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया है। शनिवार (26 जून) को पिछले सभी रिकॉर्ड को पार करते हुए दिल्ली में 2,05,170 लोगों का टीकाकरण किया गया।

दिल्ली सरकार ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी में हर दिन करीब डेढ़ लाख वैक्सीन लगाई जा रही हैं। इस हिसाब से केंद्र सरकार जुलाई में कम से कम 45 लाख डोज हमें दे। इससे पहले बीते दिन (25 जून) तक दिल्ली में 71,21,526 वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी थीं। इसमें से 54.56 लाख लोगों को एक डोज और 16.50 लाख लोगों को दोनों डोज लग चुकी हैं।
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को दिल्ली को कोवैक्सीन की 58 हजार और कोवीशील्ड के 53 हजार डोज उपलब्ध कराई। दिल्ली के पास 8.39 लाख डोज उपलब्ध हैं। वर्तमान वैक्सीनेशन की गति के हिसाब से 5 दिन के लिए स्टॉक उपलब्ध है।

वॉक इन वैक्सीनेशन की सुविधा शुरू

मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली के सभी केंद्रों पर अब वॉक इन वैक्सीनेशन भी हो रहा है। युवा वॉक इन वैक्सीनेशन करवा रहे हैं। इसी वजह से रोजाना भारी संख्या में वैक्सीनेशन हो रहा है। दिल्ली में हर गुजरते दिन के साथ वैक्सीनेशन की गति बढ़ रही है।

मालूम हो कि दिल्ली में वैक्सीनेशन की कुल संख्या 70 लाख पार हो गई है। दिल्ली का वैक्सीनेशन स्टॉक 8.39 लाख के आसपास पहुंच गया है। वर्तमान वैक्सीनेशन की गति के हिसाब से 5 दिन के लिए वैक्सीनेशन का स्टॉक उपलब्ध है।

यूपी-महाराष्ट्र में अब तक लगाए गए तीन करोड़ से अधिक डोज

कोरोना संक्रमण के खिलाफ जारी टीकाकरण अभियान में उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में तीन करोड़ से अधिक डोज लगाए गए हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 3,02,84,576 डोज लगाए गए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में शनिवार को 3 करोड़ के लक्ष्य को पार किया है।

उत्तर सरकार ने देश में अन्य राज्यों के मुकाबले कोरोना से बचाव के लिए 3 करोड़ से अधिक लोगों को टीकाकरण खुराक देने में कीर्तिमान स्थापित किया है। राज्य सरकार से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को दोपहर 1:30 बजे के बाद सरकार ने प्रदेश में 3 करोड़ से अधिक लोगों को टीकाकरण खुराक देने की बड़ी उपलब्धि हासिल की। जनवरी माह से ही प्रदेश में उसने टीकाकरण कराने का अभियान शुरू किया। टीका कवर देने में सफल साबित हुई राज्य सरकार ने अब अगस्त माह तक 10 करोड़ की जनसंख्या के वैक्सीनेशन का लक्ष्य दिया है। इसके लिये फुलप्रूफ प्लान बनाया गया है। अधिकारी इस लक्ष्य को पाने के लिये पूरी ताकत से जुटे हैं।

प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति के टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने में जुटी राज्य सरकार ने 18 से 44 वर्ष के लोगों के लिए 5000 सेंटर बनाए हैं। जबकि 45 की आयु के ऊपर के लोगों के लिए 3000 सेंटरों पर टीकाकरण चल रहा है। 12 साल से कम उम्र के अभिभावकों के लिए 200 बूथ बनाए गए हैं। महिलाओं का टीकाकरण करने के लिए प्रत्येक जिले में पिंक बूथ बनाए गए हैं।

Updated on:
26 Jun 2021 10:05 pm
Published on:
26 Jun 2021 09:56 pm
Also Read
View All