मुंबई

राहुल गांधी पर शिवसेना ने कसा तंज, कहा- मामला न्यायाधीन है और उन्हें CJI से मिलना है, दिमाग चोरी हो गया

Shiv Sena on Rahul Gandhi: CJI सूर्यकांत द्वारा इंडिया ब्लॉक के नेताओं से मुलाकात से इनकार के बाद भाजपा और शिवसेना ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है।
3 min read
• •
Oct 12, 2026
Shiv sena on Rahul Gandhi
दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी की तस्वीर (Photo: IANS/File)

CJI Surya Kant rejects INDIA bloc meeting: देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत द्वारा INDIA ब्लॉक के नेताओं की मुलाकात की मांग स्वीकार नहीं किए जाने के मुद्दे पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना और भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी न्यायपालिका से जुड़े मामले पर राजनीतिक प्रदर्शन कर रहे हैं, सड़क पर नौटंकी बंद करनी चाहिए। राहुल गांधी का दिमाग चोरी हो गया है, उनको इस पर ध्यान देना चाहिए। कानून सबसे बड़ा होता है।

CM फडणवीस बोले- मुख्य न्यायाधीश प्रदर्शनकारियों से मिलता...

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "मैं तो हैरान हूं कि कोई विपक्ष का नेता ये कैसे कह सकता है कि हम सुप्रीम कोर्ट पर मोर्चा लेकर आएंगे और चीफ जस्टिस को मिलना चाहिए। आप संविधान की बात करते हो? ये कौन से संविधान में लिखा है कि देश के मुख्य न्यायाधीश प्रदर्शनकारियों से मिलते हैं?.... मैं ये मानता हूं कि जो बात सुप्रीम कोर्ट ने कही है वो बिल्कुल सही है। आपको शिकायत है, आप कोर्ट आइए, कोर्ट में लड़िए। मैं बार-बार कहता हूं कि इनका संविधान पर विश्वास नहीं है, संविधान विरोधी लोग हैं। मुख्य न्यायाधीश ने संवैधानिक अधिकार के आधार पर कहा है कि मैं उनसे (विपक्ष) नहीं मिल सकता। ये लोग अब मुख्य न्यायाधीश को ही निशाना बना रहे हैं। यह कैसा व्यवहार है?

शिंदे सेना ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना की प्रवक्ता शाइना एनसी ने कहा कि मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने स्पष्ट किया है कि संबंधित मामला न्यायाधीन है। ऐसे में सड़कों पर प्रदर्शन करने के बजाय कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए।

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “आप वोट चोरी की बात करते हैं और फिर कहते हैं कि अदालत में चोरी हो रही है। असल में आपका दिमाग चोरी हो गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जनता के सामने बार-बार ऐसे नैरेटिव पेश करते हैं, जिनसे संविधान, न्यायपालिका और प्रधानमंत्री को लेकर भ्रम पैदा होता है।

शाइना एनसी ने राहुल गांधी को अपनी राजनीतिक रणनीति पर दोबारा विचार करने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र और उसकी संस्थाएं दुनिया भर में सम्मानित हैं तथा किसी भी विवाद का समाधान संवैधानिक व्यवस्था के तहत होना चाहिए।

दिल्ली में छह मेट्रो स्टेशन बंद होने पर भी उठाए सवाल

दिल्ली में छह मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने के मुद्दे पर भी शाइना एनसी ने प्रदर्शनकारियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि विरोध-प्रदर्शन और राजनीतिक गतिविधियों के कारण आम लोगों को होने वाली असुविधा पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शनकारियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि यह संगठन कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और पुलिस की चेतावनियों के बावजूद प्रदर्शन किया गया। कानून से ऊपर कोई नहीं है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध दर्ज कराने के लिए भी कानूनी नियमों का पालन करना जरूरी है।

राम कदम बोले- राहुल गांधी को न्यायपालिका और कार्यपालिका का अंतर समझना चाहिए

भाजपा विधायक राम कदम ने भी INDIA ब्लॉक और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि न्यायपालिका और कार्यपालिका अलग-अलग संस्थाएं हैं। यदि किसी मामले में न्यायपालिका के समक्ष अपनी बात रखनी है, तो उसके लिए याचिका सहित निर्धारित कानूनी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को अदालत का रुख करने की उचित प्रक्रिया की जानकारी नहीं है।

बीजेपी प्रवक्ता राम कदम ने यह भी कहा कि इससे पहले राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाए थे और अब न्यायपालिका को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को जनता के मन में भ्रम पैदा करने की कोशिश बताया।

Updated on:
12 Oct 2026 12:44 pm
Published on:
12 Oct 2026 12:13 pm