मुंबई

LTT पर 11 दिनों का मेगा ट्रैफिक ब्लॉक, इन ट्रेनों पर पड़ेगा असर, यात्रा से पहले जान लीजिए

Railway News: लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) पर 4 से 14 अगस्त तक 11 दिनों का ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान नेत्रावती एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। जानें पूरी जानकारी।
2 min read
Aug 04, 2026
Lokmanya Tilak Terminus block
एलटीटी पर बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 11 दिनों का विशेष ब्लॉक (Photo: IANS/File)

LTT Traffic Block: मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) पर आधारभूत ढांचे के उन्नयन के लिए 4 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक 11 दिनों का विशेष ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान रेलवे कई महत्वपूर्ण निर्माण और रखरखाव कार्य करेगा। ब्लॉक का असर कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ेगा, जिनमें रानी कमलापति-एलटीटी एक्सप्रेस और नेत्रावती एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों को निर्धारित अवधि के दौरान ठाणे स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा।

11 दिनों तक चलेगा मेगा ब्लॉक

मध्य रेलवे के अनुसार, यह विशेष ट्रैफिक ब्लॉक 4 अगस्त 2026 (मंगलवार) सुबह 8 बजे से शुरू होकर 14 अगस्त 2026 (शुक्रवार) सुबह 8 बजे तक प्रभावी रहेगा।

इस दौरान एलटीटी पर शंटिंग नेक का निर्माण, सिक साइडिंग का आधुनिकीकरण, मेंटेनेंस साइडिंग यार्ड में सुधार, पिट लाइनों 6, 7, 8 और 9 का विस्तार तथा जलापूर्ति, ड्रेनेज और स्टॉर्म वॉटर लाइन के डायवर्जन जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।

इन रेल लाइनों पर रहेगा असर

ब्लॉक के दौरान निम्न रेल लाइनों पर परिचालन प्रभावित रहेगा- सिक कलेक्शन लाइन, वॉशिंग पिट लाइन नंबर 6, 7 और 8, स्टेबलिंग लाइन नंबर 5, सी एंड डब्ल्यू सिक लाइन नंबर 1, 2, 3 और 4

इन ट्रेनों का सफर ठाणे में होगा खत्म

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए प्रभावित ट्रेनों की जानकारी जारी की है। ट्रेन संख्या 12154 रानी कमलापति-एलटीटी एक्सप्रेस (7 अगस्त 2026 से शुरू होने वाली यात्रा) ठाणे स्टेशन पर ही समाप्त होगी।

ट्रेन संख्या 16346 तिरुवनंतपुरम-एलटीटी नेत्रावती एक्सप्रेस (3 अगस्त से 13 अगस्त 2026 के बीच शुरू होने वाली सभी यात्राएं) भी ठाणे स्टेशन तक ही संचालित होगी।

रेलवे ने यात्रियों से की अपील

मध्य रेलवे ने कहा है कि यह ब्लॉक यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने के लिए बेहद जरूरी है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जांच कर लें और उसी के अनुसार यात्रा की योजना बनाएं।

Updated on:
04 Aug 2026 05:34 pm
Published on:
04 Aug 2026 05:32 pm