
Anant Ambani : गणेश चतुर्थी (Ganesh Chaturthi 2024) से दो दिन पहले मुंबई के मशहूर गणपति 'लालबाग के राजा' (लालबागचा राजा) की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस दौरान सैकड़ों भक्तों ने ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे के साथ लालबागचा राजा की मनमोहक मूर्ति के दर्शन किए। हर साल की तरह इस बार भी लालबागचा राजा के पंडाल को भव्य तरीके से सजाया गया है। इस बार बप्पा को 66 किलो सोने और 325 किलो चांदी के आभूषणों से सजाया गया है। साथ ही 400 करोड़ रुपये का बीमा भी कराया गया है।
इस साल के लालबागचा राजा का मुख्य आकर्षण 15 करोड़ रुपये मूल्य का 20 किलोग्राम सोने का मुकुट भी है। ख़बरों की मानें तो यह मुकुट अनंत अंबानी और रिलायंस फाउंडेशन की ओर से दान में मिला है।
अनंत अंबानी ने गणेश चतुर्थी से पहले मुंबई के लालबागचा राजा को करीब 15 करोड़ रुपये का 20 किलो का सोने का मुकुट अर्पित किया। मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के छोटे बेटे अनंत पिछले 15 वर्षों से विभिन्न पहलों के माध्यम से लालबागचा राजा समिति से जुड़े हुए हैं।
अनंत अंबानी को लालबागचा राजा समिति का कार्यकारी सलाहकार भी नियुक्त किया गया है। अनंत गणेशोत्सव के दौरान लालबागचा राजा के विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल होते है। इसके अलावा, वह हर साल मुंबई के गिरगांव चौपाटी बीच पर बप्पा की मूर्ति के विसर्जन में भी शामिल होते हैं। इस साल गणेशोत्सव 7 सितंबर से 17 सितंबर 2024 तक मनाया जाएगा।