राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने आगामी महाराष्ट्र निकाय चुनाव के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। लेकिन इस सूची में पार्टी के कद्दावर नेता छगन भुजबल का नाम शामिल नहीं है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने आगामी नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के लिए अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, जो अलग-अलग इलाकों में जाकर चुनाव अभियान को धार देंगे। इस सूची में शीर्ष पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री अजित पवार का नाम है। इसके साथ ही राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद प्रफुल्ल पटेल भी प्रचार अभियान का नेतृत्व करेंगे। हालांकि पार्टी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल का नाम इसमें शामिल नहीं है।
एनसीपी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे ने पार्टी की स्टार प्रचारकों की सूची सार्वजनिक की। इसमें चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ, पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरि जिरवाल, खेल मंत्री माणिकराव कोकाटे, सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटिल, राहत एवं पुनर्वास मंत्री मकरंद पाटिल, कृषि मंत्री दत्तात्रय भारणे, विधानसभा उपाध्यक्ष अन्ना बनसोडे, महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे और पर्यटन राज्यमंत्री इंद्रनील नाईक जैसे कई महत्वपूर्व नाम शामिल हैं।
पूर्व मंत्रियों में धर्मरावबाबा आत्राम, अनिल भाईदास पाटिल, संजय बनसोडे और नवाब मलिक को भी प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है। विधायक प्रताप पाटिल-चिखलीकर, अमोल मिटकरी, सना मलिक-शेख और इदरीस नायकवाडी भी टीम का हिस्सा हैं। पूर्व विधायकों में अनिकेत तटकरे, जीशान सिद्दीकी और राजेंद्र जैन को जगह मिली है।
पार्टी की महिला शाखा की प्रदेश अध्यक्ष रूपाली चाकणकर भी सक्रिय भूमिका में रहेंगी। इसके अलावा अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मुश्ताक अंतुले, पूर्व सांसद समीर भुजबल, मुंबई कार्यकारी अध्यक्ष सिद्धार्थ कांबले, प्रदेश महासचिव सूरज चव्हाण और लहू कांडे भी सूची में शामिल हैं।
ओबीसी सेल के प्रदेश अध्यक्ष कल्याण आखड़े, सामाजिक सेल के अध्यक्ष सुनील मगरे, अल्पसंख्यक सेल के अध्यक्ष नाजर काजी और वरिष्ठ नेता सयाजी शिंदे, महेश शिंदे, राजलक्ष्मी भोसले, सुरेखा ठाकरे, नजीब मुल्ला, प्रतिभा शिंदे और विकास पासलकर भी स्टार प्रचारक बनाए गए हैं।
एनसीपी अजित गुट का कहना है कि स्टार प्रचारकों की सूची में पूर्व मंत्री छगन भुजबल का नाम इसलिए शामिल नहीं किया गया है, क्योंकि उनकी तबियत ठीक नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा, “छगन भुजबल साहब हमेशा से एनसीपी के प्रमुख स्टार प्रचारकों में रहे हैं और हर प्रचार अभियान में उनका मार्गदर्शन काफी महत्वपूर्ण रहा है। हालांकि, इस बार उनकी सेहत के कारण उन्हें प्रचार में प्रत्यक्ष तौर पर शामिल होना संभव नहीं होगा। इसी वजह से समीर भुजबल स्टार प्रचारक के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। अनुरोध है कि किसी भी तरह की गलतफहमी न फैलाएं। भुजबल साहब पार्टी के सभी कार्यक्रमों और प्रचार रणनीतियों को पर्दे के पीछे से लगातार मार्गदर्शन देते रहेंगे।“