मुंबई

होने वाले बच्चे का मुंह भी नहीं देख पाया पिता, रायगढ़ हादसे में युवा पुलिसकर्मी की मौत, गर्भवती पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़

accident police constable death: महाराष्ट्र के रायगढ़ में एक भीषण कार एक्सीडेंट में श्रीवर्धन पुलिस स्टेशन के 26 वर्षीय जवान ऋतिक ढोले की मौत हो गई। अनुकंपा पर नौकरी पाने वाले ऋतिक का हाल ही में विवाह हुआ था और उनकी पत्नी गर्भवती हैं। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
2 min read
Jul 17, 2026
accident police constable death
रायगढ़ हादसे में युवा पुलिसकर्मी की मौत, ( प्रतीकात्मक फोटो )

Raigad road accident Hrithik Dhole: नियति का क्रूर खेल किसे कहते हैं, इसका एक बेहद हृदयविदारक उदाहरण महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में देखने को मिला है। कर्जत-मुरबाड राजमार्ग पर कलंब-चाहूचीवाड़ी इलाके में बुधवार (15 जुलाई) की रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में श्रीवर्धन पुलिस स्टेशन में कार्यरत 26 वर्षीय युवा पुलिस जवान ऋतिक किसन ढोले की दर्दनाक मौत हो गई।

अभी दो साल पहले ही पिता के साये से महरूम होने के बाद ऋतिक को अनुकंपा के आधार पर पुलिस की नौकरी मिली थी। उन्होंने अभी अपने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत ही की थी कि काल के एक क्रूर झटके ने उनके पूरे परिवार और उनकी गर्भवती (गरोदर) पत्नी की हंसती-खेलती दुनिया को उजाड़ कर रख दिया।

कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?

जानकारी के अनुसार, ऋतिक ढोले बुधवार रात अपने चार दोस्तों के साथ ईको (Eeco) कार में सवार होकर कलंब से चाहूचीवाड़ी स्थित अपने घर जा रहे थे। हादसे के वक्त कार खुद ऋतिक ही ड्राइव कर रहे थे। रात के सन्नाटे में गांव के पास एक बेहद खतरनाक मोड़ पर अचानक कार पर से उनका नियंत्रण छूट गया। बेकाबू हुई तेज रफ्तार कार सड़क किनारे लगी लोहे की सुरक्षा रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह लोहे के मलबे में तब्दील हो गया।

डॉक्टर ने ऋतिक को मृत घोषित किया

हादसे की सूचना मिलते ही कलंब पुलिस चौकी के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। गाड़ी के परखच्चे उड़ने के कारण घायल उसमें बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और तुरंत भिवपुरी के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने ऋतिक ढोले को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में घायल हुए ऋतिक के चार दोस्तों में से दो की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल एक युवक को बेहतर इलाज के लिए पनवेल के एमजीएम (MGM) अस्पताल रेफर किया गया है।

अब गर्भवती पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़

ऋतिक के चले जाने से पूरा गांव और पुलिस महकमा गहरे सदमे में है। महज दो साल पहले ही पिता के निधन के बाद ऋतिक को अनुकंपा के आधार पर महाराष्ट्र पुलिस बल में नौकरी मिली थी। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और मिलनसार स्वभाव से बहुत कम समय में श्रीवर्धन पुलिस स्टेशन में अपनी एक खास पहचान बना ली थी।

हाल ही में उनकी शादी हुई थी और उनकी पत्नी गर्भवती हैं। घर में जल्द ही नन्हे मेहमान की किलकारियां गूंजने वाली थीं, जिसकी तैयारियों में पूरा परिवार जुटा हुआ था। लेकिन होने वाले बच्चे के सिर से उठ चुके पिता के साये और उजड़े सुहाग को देख आज हर आंख नम है। फिलहाल नेरल पुलिस इस दर्दनाक हादसे की आगे की जांच कर रही है।

Updated on:
17 Jul 2026 05:32 pm
Published on:
17 Jul 2026 05:32 pm