नागौर. शहर में नगरपरिषद की सफाई पर शहरवासी ही पानी फेरने में लगे हुए हैं। सफाई होने के बाद भी सडक़ों पर कचरा फैलाने में शहरवासियों की होड़ लगी हुई है।
नागौर. शहर को साफ-सुथरा करने की कवायद में जुटे नगरपरिषद की टीम को शहरवासी हर दिन झटका देने में लगे हुए हैं। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगरपरिषद की ओर से लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन लोगों की लापरवाही इन प्रयासों पर भारी पड़ रही है। हालात यह हैं कि सफाई के कुछ ही समय बाद फिर वही स्थान कचरे से भर जाते हैं। दरअसल नगरपरिषद की टीम सफाई कर कचरा लेकर जाती है, और थोड़ी देर के बाद भी फिर वहां पर कचरा फैला मिल जाता है। यह स्थिति तब है,जबकि हर दिन केवल कचरा संग्रह परिवहन के लिए गाड़ी उनके घरों तक पहुंच रही है, बल्कि इसके साथ ही कई जगहों पर कचरा डालने के लिए बड़े डस्टबीन भी लगा रखें हैं।
व्यवस्था पूरी, फिर भी नहीं सुधर रही आदत
नगरपरिषद की ओर से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण किया जा रहा है और कई जगहों पर बड़े डस्टबीन भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद लोग कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के बजाय सडक़ों और सार्वजनिक स्थानों पर ही फेंक रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि टीम ने ज्यादातर क्षेत्रों में घर-घर जाकर समझाइश भी दी, लेकिन इसका असर सीमित ही रहा है। नगरपरिषद के अधिकारियों का कहना है कि उनकी टीम की ओर से ज्यादातर क्षेत्रों में डोर-टू-डोर जाकर समझाया। इसके बाद भी यह हालत हो रही है। समझाइश के बाद भी प्रभाहीन रहे लोगों पर अब कचरा मिलने की स्थिति में उनके ऊपर जुर्माना लगाए जाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार समझाइश से नहीं सुधरते हैं तो फिर जुर्माना ही लगाया जाएगा।
सुगन सिंह सर्किल, रात की सफाई बेअसर
सुगन सिंह सर्किल पर नगरपरिषद ने रात में सफाई करवाई थी, लेकिन सुबह होते-होते यहां फिर कचरा बिखरा मिला। यह स्थिति लगातार देखने को मिल रही है, जिससे सफाई व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। इसी तरह से नया दरवाजा इलाके में डस्टबीन होने के बावजूद उसके आसपास कचरा फैला मिला। मानासर चौराहा पर सफाई के बाद कुछ ही घंटों में फिर कचरे के ढेर लग गए। यही नहीं विजयबल्लभ चौराहा पर यही नजारा देखने को मिला। विजयबल्लभ चौराहा पर निरीक्षण के दौरान दुकानों के सामने कचरा बिखरा मिला। यहां डस्टबीन उपलब्ध होने के बावजूद दुकानदारों ने लापरवाही बरती। जिस पर नगरपरिषद ने कई दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया।
अब जुर्माना ही विकल्प
सफाई व्यवस्था में कोई कमी नहीं रखी जा रही है, लेकिन जानबूझकर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अब सख्ती की जाएगी। उन्होंने बताया कि समझाइश के बावजूद सुधार नहीं होने पर जुर्माना लगाया जा रहा है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
गोविंद सिंह भींचर, आयुक्त नगरपरिषद नागौर