
Ahmedabad Air India Plane Crash: अहमदाबाद से गैटविक जा रही एयर इंडिया (Air India) की फ्लाइट AI 171 टेकऑफ के कुछ मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। यह हादसा आज से एक साल पहले 12 जून 2025 को हुआ था। इस भीषण हादसे ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। अब एयर इंडिया ने बताया है कि हादसे में मारे गए 241 यात्रियों और क्रू मेंबर्स में से 15 परिवारों ने अपने लोगों का सामान लेने से इनकार कर दिया। एयरलाइन ने कहा कि 96% प्रभावित परिवारों को 25 लाख रुपये की अंतरिम सहायता दी जा चुकी है।
एयर इंडिया ने हादसे के बाद अहमदाबाद में फैमिली रिटर्न्स सेंटर बनाया था, जहां 22000 से अधिक वस्तुओं को अलग किया गया। इनमें लगभग 8000 सामान की पहचान हो सकी। परिवारों को एक डिजिटल पोर्टल दिया गया, जहां वे तस्वीरों के जरिये सामान पहचान सकते थे। इसके बाद संबंधित वस्तुएं लौटाई गईं। कई परिवारों ने पासपोर्ट, कपडे, मोबाइल फोन, फोटो और गहने वापस लिए, जबकि कुछ परिवारों ने भावनात्मक कारणों से वस्तुएं स्वीकार नहीं कीं।
24 साल के क्रिकेटर दिर्थ पटेल के परिवार ने कोई भी सामान लेने से इनकार कर दिया। उनके भाई ने कहा कि मां को दोबारा उस दर्द से गुजराना सही नहीं होगा। अहमदाबाद की उद्यमी तृप्ति सोनी ने भी अपने भाई और दो भाभियों को हादसे में खोया। उन्होंने सामान पहचानने की प्रक्रिया को दर्दनाक बताया। पोर्टल पर बच्चों के खिलौने, राखियां, प्रेयर बुक, घडियां और जले हुए निजी सामान की तस्वीरें थीं, जिन्हें देखकर कई परिवार भावुक हो गए।
एयर इंडिया के अनुसार 187 मृतकों से जुडे सामान में से 139 परिवारों को सामान सौंप दिया गया है। जमीन पर घायल हुए 19 लोगों में से 94% को मुआवजा या अंतरिम सहायता मिल चुकी है। टाटा संस (Tata Sons) के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने मृतकों के परिवारों को एक करोड रुपये की अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा की थी। एयरलाइन अब अंतिम मुआवजा प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है और प्रभावित परिवारों से संपर्क बनाए हुए है।