राष्ट्रीय

एक और पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय, 9 राज्यों में जमकर होगी बारिश; IMD ने जारी किया अलर्ट

Weather Forecast: मंगलवार सुबह दिल्ली-एनसीआर का मौसम अचानक बदल गया। कई जगहों पर ठंडी हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं कई जगहों पर काले बादल भी छाए रहे। 
2 min read
Apr 07, 2026
this day brings relief from scorching heat know latest rain updates noida
मौसम विभाग ने बारिश की जताई संभावना

IMD Rain Alert: अप्रैल का महीना शुरू होते ही उत्तर से लेकर पश्चिम भारत तक मौसम का मिजाज बदल गया है। महीने की शुरुआत से ही कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक एक बार फिर राष्ट्रीय राजधानी समेत कई जगहों पर तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है।

IMD के मुताबिक, 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर भी कई राज्यों में देखने को मिलेगा। इससे तेज हवाएं चलेंगी और हल्की से मध्यम बारिश होगी। विभाग ने पहाड़ी राज्यों में कहीं-कहीं भारी बारिश और बर्फबारी की भी संभावना जताई है।

दिल्ली में हुई बारिश

मंगलवार सुबह दिल्ली-एनसीआर का मौसम अचानक बदल गया। कई जगहों पर ठंडी हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं कई जगहों पर काले बादल भी छाए रहे। 

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 7 और 8 अप्रैल को बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक इन दिनों गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। 

उत्तर प्रदेश में फिर बिगड़ेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में सोमवार को मिली राहत के बाद मौसम फिर से खराब होने वाला है। मौसम विभाग ने 7 से 9 अप्रैल के बीच आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

पश्चिमी विक्षोभ के असर से 7 अप्रैल से पश्चिमी यूपी में बारिश शुरू होगी, जो 9 अप्रैल तक पूर्वी हिस्सों तक पहुंचेगी। इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। मंगलवार सुबह से बुधवार शाम तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। 7 और 8 अप्रैल के लिए जारी एडवाइजरी में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।

हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश में असर

हरियाणा के यमुनानगर, सोनीपत, गुरुग्राम, करनाल, रेवाड़ी, मेवात, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।

वहीं पंजाब के चंडीगढ़ समेत पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, पटियाला, रूपनगर, अमृतसर और फतेहगढ़ साहिब में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

पश्चिम बंगाल में बढ़ेगी गर्मी, उत्तर में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल में शुष्क पछुआ हवाओं के कारण गर्मी बढ़ेगी। हालांकि उत्तर बंगाल के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। 8 अप्रैल को कूचबिहार, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग में बारिश के साथ आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

Updated on:
07 Apr 2026 07:45 am
Published on:
07 Apr 2026 07:45 am