राष्ट्रीय

जब भीड़ के बीच भाजपा नेताओं से खुद जाकर मिले प्रशांत किशोर, बांकीपुर उपचुनाव में नया सियासी मोड़

Prashant Kishor: बांकीपुर उपचुनाव के नामांकन में बड़ा सियासी हलचल देखने को मिला। प्रशांत किशोर भाजपा नेताओं से मिले, जबकि नामांकन के बाद वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर तेजप्रताप यादव ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
2 min read
Jul 13, 2026
prashant kishor
बांकीपुर उपचुनाव: भाजपा और जन सुराज के समर्थक (सोर्स: पीटीआई)

Bankipur Bypoll Latest Update: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन राजधानी पटना में राजनीति पूरे रंग में नजर आई। सड़कें समर्थकों से भरी थीं। जगह-जगह नारे लग रहे थे। इसी बीच कुछ ऐसा देखने को मिला…जो सबका ध्यान खींच रहा है। दरअसल, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर रोड शो के दौरान खुद आगे बढ़कर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिले। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे का अभिवादन किया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से देखा जा रहा है।

रोड शो के दौरान भाजपा नेताओं से मिले प्रशांत किशोर

बता दें सोमवार को बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन का अंतिम दिन था। भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी ने अपना नामांकन दाखिल किया।

प्रशांत किशोर ने दिन की शुरुआत सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना से की। इसके बाद उन्होंने पटना के स्काउट एंड गाइड मैदान में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सभा खत्म होने के बाद वह समर्थकों के साथ रोड शो करते हुए समाहरणालय की ओर बढ़े।

इसी दौरान रास्ते में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। प्रशांत किशोर खुद उनके पास पहुंचे। उन्होंने हाथ मिलाकर उनका अभिवादन किया। भाजपा नेताओं ने भी उनका स्वागत किया। दोनों दलों के समर्थकों ने अपने-अपने नेताओं के समर्थन में जमकर नारे लगाए।

प्रशांत किशोर का रोड शो भी काफी चर्चित रहा। इसमें भोजपुर के कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के पोस्टर भी दिखाई दिए। बता दें बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान 30 जुलाई को होगा। मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी।

तेजप्रताप यादव पार्टी की उम्मीदवार नामांकन के बाद गिरफ्तार

उधर जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी के साथ हुई पुलिस कार्रवाई ने भी सियासी माहौल गरमा दिया। नामांकन दाखिल करने के कुछ ही देर बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस घटना से पटना कलेक्ट्रेट परिसर में हलचल मच गई।

वीणा मानवी की बेटी प्रार्थना ने कहा कि उन्हें गिरफ्तारी की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि अभी तक यह भी साफ नहीं है कि उनकी मां को किस मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने इस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी उम्मीदवार को चुनावी प्रक्रिया प्रभावित करने के लिए झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाएगी।

तेजप्रताप यादव ने कहा कि उनकी पार्टी वीणा मानवी के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने सरकार पर साजिश रचने का आरोप लगाया और कहा कि वह जल्द बिहार आकर सरकार का घेराव करेंगे। उनका कहना है कि बांकीपुर की जनता सब कुछ देख रही है और आखिर में सच्चाई की ही जीत होगी।

Updated on:
13 Jul 2026 04:07 pm
Published on:
13 Jul 2026 04:07 pm