राष्ट्रीय

‘पीड़िता की मां बोलने की हालत में नहीं’, बारुईपुर केस पर बीजेपी महिला मोर्चा अध्यक्ष का भावुक बयान

Baruipur Case: बारुईपुर नाबालिग मर्डर केस पर बीजेपी महिला मोर्चा अध्यक्ष फाल्गुनी पात्रा का बड़ा बयान सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर...
3 min read
Jul 07, 2026
Bengal Minor girl Murder csae
बारुईपुर केस पर बीजेपी महिला मोर्चा अध्यक्ष का भावुक बयान (Video Screenshot)

Baruipur Murder Case: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 11 साल की बच्ची के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले ने पूरे इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए छह सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। वहीं, बढ़ते तनाव और विरोध प्रदर्शन को देखते हुए बारुईपुर, नरेंद्रपुर और सोनारपुर क्षेत्रों में कर्फ्यू लागू कर दी गई है।

BJP महिला मोर्चा अध्यक्ष फाल्गुनी पात्रा ने जताया दुख

मामले पर पश्चिम बंगाल भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष फाल्गुनी पात्रा ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बच्ची की मां इस समय बोलने की स्थिति में नहीं हैं और यह घटना बेहद दुखद है। फाल्गुनी पात्रा ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने गुंडागर्दी और अपराध पर नियंत्रण के लिए कानून बनाए हैं, लेकिन ऐसी समस्याओं को पूरी तरह खत्म करने में समय लग सकता है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दरिंदगी का खुलासा

पुलिस के अनुसार, बच्ची के शव की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई गंभीर खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न, सिर पर गंभीर चोट और शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्ची के प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा शरीर पर खरोंच और काटने के निशान भी मिले हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि बच्ची को पानी में फेंके जाने के समय वह जिंदा थी। पोस्टमार्टम के दौरान उसके फेफड़ों और पेट में पानी मिलने की बात सामने आई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत डूबने से भी जुड़ी हो सकती है।

CCTV फुटेज में चार लोगों के साथ दिखाई दी बच्ची

पुलिस जांच में इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती फुटेज में चार लोगों को बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए देखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और अपराध में उनकी संभावित भूमिका का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

TMC नेताओं ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने पीड़ित बच्ची के परिवार से मुलाकात की। इनमें पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और स्थानीय विधायक बिमान बनर्जी, राज्यसभा सांसद डोला सेन और जॉयनगर की सांसद प्रतिमा मंडल शामिल रहे। बारुईपुर दक्षिण से विधायक बिमान बनर्जी ने कहा कि पुलिस को अपराधियों तक पहुंचने के लिए और अधिक सक्रियता से काम करना चाहिए था।

हिंसा को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज

मामले को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए हैं। विपक्ष ने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद हुई हिंसा के पीछे कुछ लोगों की साजिश हो सकती है और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि हिंसा के दौरान रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाया गया, केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों पर हमला किया गया और पुलिस वाहन को आग के हवाले किया गया।

SIT जांच और पुलिस कार्रवाई पर नजर

बारुईपुर रेप-मर्डर केस की जांच अब विशेष जांच दल (SIT) कर रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इस संवेदनशील मामले में आगे की कार्रवाई और आरोपियों की भूमिका पर सभी की नजर बनी हुई है।

Updated on:
07 Jul 2026 11:40 am
Published on:
07 Jul 2026 10:59 am