राष्ट्रीय

बिहार चुनाव: बेगूसराय में नामांकन स्थल पर कांग्रेस-BJP कार्यकर्ता भिड़े, पुलिस ने बरसाई लाठियां

बेगूसराय जिले के तेघड़ा अनुमंडल कार्यालय में नामांकन के दौरान बड़ा हंगामा मच गया। कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हो गई, जिसे शांत करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

2 min read
Oct 16, 2025
Bihar Assembly Elections
बेगूसराय में नामांकन स्थल पर कांग्रेस-BJP कार्यकर्ता भिड़े (Photo-ANI)

Bihar Assembly Elections: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी तेज हो गई है। 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में होने वाले इस चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जोरों पर है। पहले चरण के नामांकन का अंतिम दिन 17 अक्टूबर है। एनडीए और महागठबंधन दोनों गठबंधनों में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। राजद, कांग्रेस और अन्य दलों के उम्मीदवार सिंबल बांटकर नामांकन भर रहे हैं, लेकिन आधिकारिक सूची का इंतजार है। इसी बीच, बेगूसराय जिले के तेघड़ा अनुमंडल कार्यालय में नामांकन के दौरान बड़ा हंगामा मच गया। कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हो गई, जिसे शांत करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

नामांकन स्थल पर एक साथ पहुंचे उम्मीदवार

गुरुवार (16 अक्टूबर 2025) को बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी शिवप्रकाश गरीबदास नामांकन भरने तेघड़ा अनुमंडल कार्यालय पहुंचे। वे महागठबंधन के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उसी समय एनडीए प्रत्याशी और बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता भी नामांकन के लिए वहां हाजिर हो गए। भाजपा उम्मीदवार मेहता बछवाड़ा सीट से मैदान में हैं। दोनों उम्मीदवारों के साथ सैकड़ों समर्थक मौजूद थे। दफ्तर के अंदर पर्चा भरने की प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन बाहर गेट पर भारी भीड़ जमा हो गई।

नारेबाजी से शुरू हुआ तनाव, फिर हिंसा

भीड़ बढ़ते ही आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन शुरू हो गया। कांग्रेस समर्थकों ने एनडीए हटाओ, महागठबंधन लाओ जैसे नारे लगाए, तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुर्दाबाद का जवाब दिया। देखते ही देखते नारेबाजी तेज हो गई और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। अफरा-तफरी मच गई। कुछ कार्यकर्ता एक-दूसरे पर पानी की बोतलें और झंडे फेंकने लगे। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि नामांकन स्थल के बाहर अफरा-तफरी का आलम था। स्थानीय लोगों ने बताया कि भीड़ में महिलाएं और युवा दोनों शामिल थे।

पुलिस का लाठीचार्ज, स्थिति नियंत्रित

स्थिति बेकाबू होते देख तेघड़ा थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू कर दिया। लाठियों की आवाज गूंजी और भीड़ को गेट से दूर खदेड़ दिया गया। कई कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें आईं, लेकिन कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ। एसपी बेगूसराय ने बताया कि आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा। लाठीचार्ज के बाद नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्वक पूरी कराई गई। दोनों उम्मीदवारों ने पर्चा भर दिया।

Published on:
16 Oct 2025 05:21 pm