राष्ट्रीय

Bihar MLC Election: अनंत सिंह ने किया जीत का दावा, बोले- जीत दुकान में नहीं मिलती, जनता तय करेगी

बिहार विधान परिषद चुनाव में अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के उम्मीदवार की जीत पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि जीत दुकान में नहीं मिलती, बल्कि इसका फैसला जनता करती है।
2 min read
• •
Updated: 23 Oct 2026, 9:27 AM IST
Bihar MLC Election anant singh jdu mla
जदयू विधायक अनंत सिंह (फोटो- IANS X वीडियो ग्रैब )

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की 8 स्नातक एवं शिक्षक सीटों के लिए जारी मतदान के बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह ने जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जदयू के आधिकारिक प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के लिए प्रचार करने वाले अनंत सिंह से जब पूछा गया कि क्या वे जीत की खुशी में फिर से रसगुल्ले बनवा रहे हैं, तो उन्होंने अपने खास अंदाज में कहा कि यह रसगुल्ला बनवाने का समय नहीं है। पहले के चुनावों में 600 लोग आते थे, लेकिन स्नातक निर्वाचन क्षेत्र तीन जिलों में फैला हुआ है और दूरी इतनी ज्यादा है कि रसगुल्ले से ज्यादा तो गाड़ियों का भाड़ा लग जाएगा।

अनंत सिंह ने किया जीत का दावा

चुनाव नतीजों को लेकर पूरी तरह आश्वस्त दिख रहे अनंत सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही असली मालिक और भगवान है। उन्होंने कहा कि जीत किसी दुकान में बिकने वाली चीज नहीं है कि कोई जाकर खरीद ले, यह पूरी तरह से जनता के हाथों में है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें चुनावी मैदान में कहीं कोई दिक्कत नहीं है और जनता के आशीर्वाद से जीत पक्की है।

अनंत सिंह ने नीतीश कुमार को बताया अपना गुरु

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर किए गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि उनके मन में नीतीश कुमार के प्रति पूरा सम्मान है। उन्होंने नीतीश कुमार को अपना गुरु बताया और कहा कि आज हम जो बिहार देख रहे हैं, उसे बनाने का श्रेय उन्हीं को जाता है। राजनीतिक दवाब को लेकर अनंत सिंह ने कहा कि लोग अक्सर बेवजह उनका (नीतीश कुमार) नाम लेते हैं। उन्होंने नीतीश कुमार को एक सीधा-सादा इंसान बताया और कहा कि दूसरों ने अपने एजेंडे को पूरा करने के लिए उन्हें अलग-अलग दिशाओं में मोड़ा है।

धांधली या गड़बड़ी की आशंकाओं को किया खारिज

प्रशासन या सरकार द्वारा चुनाव में किसी तरह की हेरफेर या बेईमानी किए जाने की चर्चाओं पर अनंत सिंह ने कहा कि सरकार ऐसा कोई गलत काम नहीं करेगी। उन्होंने इन दावों को पूरी तरह से बेबुनियाद और झूठा करार दिया। उन्होंने कहा कि यह जनता का वोट है और कोई भी इसमें धांधली या बेईमानी करने की हिम्मत नहीं कर सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई ऐसा करने की कोशिश करता है, तो आगे जनता खुद सब कुछ दिखा देगी, इसलिए कोई भी ऐसा दुस्साहस नहीं करेगा।

अनंत सिंह प्रत्याशी नहीं, फिर भी इतनी चर्चा क्यों?

दिलचस्प बात यह है कि मोकामा के विधायक अनंत सिंह इस चुनाव में किसी भी सीट से नहीं लड़ रहे हैं। फिर भी पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की पूरी चुनावी चर्चा के केंद्र में वही बने हुए हैं। असल में उन्होंने अपनी ही पार्टी JDU के मौजूदा MLC और मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के रुख के उलट अनंत सिंह ने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में रोडशो और प्रचार किया है। नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक दुश्मनी के कारण यह मुकाबला आधिकारिक उम्मीदवारों से हटकर इन दोनों व्यक्तियों के बीच निजी प्रतिष्ठा और वर्चस्व की सीधी लड़ाई में बदल गया है।

Updated on:
23 Oct 2026, 9:27 AM IST
Published on: