राष्ट्रीय

BPSC-BSSC से लेकर दरोगा भर्ती तक: बिहार में बड़े छात्र आंदोलन की तैयारी, दिलीप कुमार बोले- बयानबाजी बहुत हुई, अब एक्शन होगा

Dileep Kumar Bihar Student Protest: छात्र नेता दिलीप कुमार ने TRE 4, BSSC, BPSC 70वीं, दरोगा-सिपाही, BET और लाइब्रेरियन भर्ती समेत कई मांगों को लेकर 15 अगस्त के बाद बड़े आंदोलन की योजना बताई है। इसके लिए 13 अगस्त को पटना के कृष्णा घाट पर अभ्यर्थियों की बैठक बुलाई गई है।
2 min read
Aug 12, 2026
bihar student protest, Bpsc TRE 4
गांधी मैदान में प्रदर्शन करते बिहार के छात्र (सांकेतिक) (Photo -@jansuraajonline/ X)

Bihar Student Protest: बिहार में BPSC TRE 4, BSSC, 70वीं BPSC, दरोगा-सिपाही भर्ती समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों का सब्र अब जवाब दे गया है। राज्य भर के लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर एक बार फिर बड़े आंदोलन की सुगबुगाहट तेज हो गई है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने सरकार और भर्ती आयोगों को चेतावनी दी है कि अब सिर्फ बयानों और आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि सड़कों पर उतरकर सीधा एक्शन लिया जाएगा। दिलीप कुमार ने उम्मीदवारों से अपील की है कि प्रदर्शन की रणनीति तय करने के लिए 13 अगस्त की मीटिंग में शामिल हों।

गांधी मैदान नहीं, कृष्णा घाट पर होगी मीटिंग

स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के भव्य समारोह और सुरक्षा इंतजामों के कारण राजधानी पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान अभी आम जनता और लोगों के जमा होने के लिए पूरी तरह बंद है। इसलिए छात्र नेता ने बैठक के लिए अशोक राजपथ पर स्थित कृष्णा घाट को चुना है, जहां अलग-अलग परीक्षाओं के प्रतिनिधि एक मंच पर इकट्ठा होकर रणनीति बनाएंगे।

सरकार नतीजा नहीं बस तारीख दे रही- दिलीप कुमार

राज्य के शिक्षा मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों पर निशाना साधते हुए छात्र नेता ने कहा कि सरकार बिना कोई नतीजा दिए बस एक के बाद एक तारीखें देती रहती है। पहले दावा किया गया था कि BPSC TRE 4 का विज्ञापन जुलाई में जारी कर दिया जाएगा, लेकिन अगस्त का आधा महीना बीत जाने के बाद भी स्थिति वैसी ही बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ शिक्षकों की भर्ती का मामला नहीं है। BSSC, सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) और लाइब्रेरियन पदों के उम्मीदवार भी सालों से विज्ञापन और परीक्षा की तारीखों का इंतजार कर रहे हैं। सरकार और आयोगों की इस टालमटोल वाली नीति के कारण लाखों छात्रों को मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

13 अगस्त को तय होगा आंदोलन का रोडमैप

दिलीप कुमार ने BPSC, BSSC, सब-इंस्पेक्टर/कांस्टेबल, लाइब्रेरियन, BET और BTSSC जैसी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के उम्मीदवारों से अपील की है कि वे बैठक में जरूर शामिल हों। बैठक में इस बात पर आम सहमति बनाई जाएगी कि क्या सभी मांगों को लेकर एक बड़ा संयुक्त आंदोलन शुरू किया जाए या अलग-अलग भर्ती परीक्षाओं के लिए चरणबद्ध तरीके से विरोध प्रदर्शन किया जाए। इसके अलावा, बैठक में 15 अगस्त के बाद आंदोलन शुरू करने की तारीख तय की जाएगी और यह भी तय किया जाएगा कि इसमें 'बिहार बंद' जैसे कड़े कदम शामिल किए जाएं या नहीं।

क्या है छात्रों की मांग?

दिलीप कुमार ने कहा कि कक्षा 1 से 12 (PRT, TGT, PGT) तक शिक्षकों के सभी खाली पदों को भरने के लिए BPSC TRE 4 का नोटिफिकेशन तुरंत जारी किया जाना चाहिए। साथ ही, सभी भाषाओं और खास विषयों (जैसे मैथिली, भोजपुरी, मगही, संगीत, कंप्यूटर साइंस, फिजिकल एजुकेशन आदि) के लिए एक ही संयुक्त परीक्षा आयोजित की जानी चाहिए।

दिलीप कुमार ने BSSC 2nd इंटर-लेवल, CGL 4 और BSS-BSO परीक्षाओं की तारीखों की तुरंत घोषणा करने की मांग की। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता और कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों को वेटेज (अतिरिक्त अंक) देने की प्रथा को खत्म करने की बात कही।

दिलीप कुमार ने 70वीं BPSC सिविल सेवा परीक्षा में गड़बड़ी और मिलीभगत के गंभीर आरोपों की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

दिलीप कुमार ने लाइब्रेरियन जैसे पदों के लिए रुकी हुई भर्ती प्रक्रियाओं की अधिसूचना तुरंत जारी करने और BET (बिहार पात्रता परीक्षा) आयोजित करने की मांग की। साथ ही, उन्होंने AE और ED-EO पदों के लिए परीक्षा की तारीखें तय करने और सब-इंस्पेक्टर व कॉन्स्टेबल की भर्ती प्रक्रियाओं में होने वाली गड़बड़ियों को रोकने की भी बात कही।

Updated on:
12 Aug 2026 04:54 pm
Published on:
12 Aug 2026 04:53 pm
Also Read
View All
Jharkhand Protest: अस्पताल से भी जारी है देवेंद्र महतो का अनशन, सिविल सर्जन को चिट्ठी लिखकर मांगी स्टेडियम जाने की अनुमति

महंगाई ने फिर बढ़ाई टेंशन! RBI के 4% टारगेट से ऊपर पहुंची दर ने बिगाड़ा बजट,प्याज-लहसुन के दाम आसमान पर

जस्टिस यशवंत वर्मा की बढ़ीं मुश्किलें, पद से हटाने के लिए शीतकालीन सत्र में लाया जा सकता है महाभियोग प्रस्ताव

Karnataka Cabinet Expansion: कर्नाटक में नए मंत्रियों को विभागों का बंटवारा, डीके शिवकुमार ने अपने पास रखे कई अहम मंत्रालय

गौरव गोगोई का अमित शाह पर हमला, कहा- पेपर लीक बिल पर दो दिन हुई चर्चा, फिर सदन से क्यों गायब थे गृह मंत्री?