
DK Shivakumar: राज्य में कथित स्टिंग ऑपरेशन को लेकर जारी सियासी उठापटक के बीच मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के नेतृत्व के खिलाफ कांग्रेस के भीतर भारी असंतोष है और उन्हें पद से हटाने की कोशिशें चल रही हैं। हुब्बल्ली में रविवार को संवाददाताओं से बात करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने दावा किया कि सत्तारूढ़ कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं का शिवकुमार के नेतृत्व से भरोसा उठ गया है।
उन्होंने कहा कि हालिया स्टिंग ऑपरेशन से जुड़े घटनाक्रम कांग्रेस की आंतरिक राजनीति पर सवाल खड़े करते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या को राजनीतिक रूप से अपमानित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर चल रहे आंतरिक मतभेदों और कथित स्टिंग ऑपरेशन से जुड़े घटनाक्रमों की तस्वीर 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद चुनाव के बाद और स्पष्ट होगी।
विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि कथित स्टिंग ऑपरेशन की गतिविधियां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से विधानसभा तक पहुंच गई हैं। आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि इन स्टिंग ऑपरेशनों के पीछे कौन था, किसे निशाना बनाया गया और उनका उद्देश्य क्या था। कांग्रेस के मंत्रियों और विधायकों के खिलाफ भी कथित स्टिंग ऑपरेशन किए गए हैं। पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने इस मुद्दे पर चर्चा की है और विधान परिषद चुनाव के बाद बैठक कर आगे की रणनीति तय कर सकते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने के लिए कांग्रेस के भीतर साजिशें रची जा रही हैं और आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई बड़ा कदम उठाया जा सकता है। सिद्धरामय्या के मुख्यमंत्री पद छोड़ने की अपनी पुरानी भविष्यवाणी दोहराते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने पहले उनके बयान को खारिज किया था, लेकिन वह सच साबित हुई। वह फिर कह रहे हैं कि अब कांग्रेस के भीतर शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाने के लिए उच्चस्तरीय बैठकें चल रही हैं। विधान परिषद चुनावों को लेकर विजयेंद्र ने भरोसा जताया कि भाजपा और जद-एस गठबंधन वाले एनडीए उम्मीदवार चारों सीटों पर जीत हासिल करेंगे। गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए दोनों पार्टियों के नेता और कार्यकर्ता मिलकर प्रचार कर रहे हैं।