
Tarun Chugh Targets Rahul Gandhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद तरुण चुघ ने शनिवार को कांग्रेस पर निशाना साधा है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर लोकतंत्र और न्यायपालिका को डराने का भी आरोप लगाया है। बीजेपी सांसद ने कहा कि राहुल गांधी और उनके सहयोगी भीड़ की ताकत के जरिए लोकतंत्र और न्यायपालिका को डराने की कोशिश कर रहे हैं। चुघ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवारवाद की राजनीति के तहत सुप्रीम कोर्ट, लोकतंत्र, चुनाव आयोग और देश की संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाया जा रहा है।
बीजेपी सांसद ने कहा कि देश में डर का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। राहुल गांधी को कांग्रेस के इतिहास को याद रखना चाहिए, जब देश में आपातकाल लगाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का अतीत लोकतांत्रिक मूल्यों पर सवाल खड़े करता है।
इस दौरान BJP सांसद चुघ ने अपने बयान में 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान 53 शहर श्मशान में तब्दील हो गए और सिखों को जिंदा जला दिया गया। इसके साथ ही उन्होंने 1990 में अयोध्या में कारसेवकों की मौतों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश इन घटनाओं को नहीं भूला है।
चुघ ने भोपाल गैस त्रासदी और बोफोर्स घोटाले का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश इन घटनाओं को आज भी याद रखता है।
बीजेपी नेता तरुण चुघ ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस लोकतांत्रिक विरोध के नाम पर देश के युवाओं को राजनीतिक टकराव का मोहरा बना रहे हैं। उनके मुताबिक, विरोध प्रदर्शन के जरिए देश की संस्थाओं पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि हम युवाओं को किसी राजनीतिक परिवार की सत्ता की महत्वाकांक्षाओं का मोहरा नहीं बनने देंगे, चाहे वह राहुल गांधी हों, उनके कनिष्ठ नेता हों या INDIA ब्लॉक के सहयोगी दल।
उन्होंने आगे कहा कि भारत का संविधान और लोकतंत्र सर्वोपरि हैं। जनता का जनादेश निर्णायक होता है और सरकार में बदलाव केवल लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से ही हो सकता है।