राष्ट्रीय

चिराग पासवान ने पार्टी में किया फेरबदल, सुरेंद्र विवेक को बिहार की जिम्मेदारी; कई राज्यों में नए अध्यक्ष

LJP Ram Vilas Party Reshuffle: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों के नए प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय पदाधिकारी नियुक्त किए हैं। सुरेंद्र विवेक को बिहार प्रदेश अध्यक्ष और राजू तिवारी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया।
2 min read
Aug 26, 2026
Chirag Paswan party changes
चिराग पासवान ने संगठन में किया बदलाव (Photo-IANS)

LJP Ram Vilas Reshuffle: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बुधवार को संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों और राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। पार्टी प्रमुख चिराग पासवान ने नए पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए सभी को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

चिराग पासवान ने सुरेंद्र विवेक को बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि बिहार के विधायक राजू तिवारी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। सुरेंद्र विवेक ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में साहेबपुर कमाल सीट से एलजेपी (रामविलास) के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, उन्हें आरजेडी प्रत्याशी से हार का सामना करना पड़ा।

कई राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष

आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए चिराग पासवान ने पार्टी संगठन में व्यापक बदलाव किया है। उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। पार्टी ने राजीव पासी को पूर्वी उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष और मध्य यूपी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। वहीं पवन कुमार वर्मा को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गौरतलब है कि 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में एलजेपी (रामविलास) को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी।

इसके अलावा अमर सिंह मेहमी को पंजाब, विशाल सिंह ठाकुर को उत्तराखंड, खोइराम दीपु सिंह को मणिपुर, नितिन चौहान को हिमाचल प्रदेश और आशीष कुमार पटेल को गुजरात का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

राष्ट्रीय संगठन में भी बदलाव

पार्टी ने मनीशंकर पांडे, मोहम्मद शमीम एम. हवा, वीरेंद्र प्रधान, कुंवर असीम खान, सत्यानंद शर्मा और कमला कुमारी** को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं अब्दुल खलीक को राष्ट्रीय सचिव महासचिव और सांसद राजेश वर्मा को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

राष्ट्रीय महासचिव के पद पर मिथिलेश कुमार सिंह, राजू तिवारी, वीणा देवी, अजय कुमार, पंकज अरोड़ा, केपी चौधरी, वीरेंद्र बिधूड़ी, सुखातो ए. सेमा, धीरेंद्र कुमार सिन्हा', अशरफ अंसारी, अरविंद कुमार सिंह और सी. विद्याराधन को नियुक्त किया गया है।

युवा, महिला और अल्पसंख्यक विंग में भी नियुक्तियां

पार्टी ने प्रणब कुमार को युवा विंग का अध्यक्ष और चंद्र प्रभा भाटिया को महिला विंग की अध्यक्ष बनाया है। वहीं अब्दुल खलीक को अल्पसंख्यक विंग का अस्थायी प्रभार सौंपा गया है।

चिराग पासवान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए लिखा- लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं।

Updated on:
26 Aug 2026 02:39 pm
Published on:
26 Aug 2026 02:39 pm