
Chirag Paswan on Student Protest: केंद्रीय मंत्री और लोजपा (राम विलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने 70वीं BPSC प्रारंभिक परीक्षा और शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) के नियमों में बदलाव की मांग को लेकर पटना की सड़कों पर उतरे उम्मीदवारों का समर्थन किया है। पटना में छात्रों और पुलिस के बीच टकराव के बाद चिराग पासवान ने कहा कि वह छात्रों की भावनाओं और उनकी जायज मांगों का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि NDA के सहयोगी के होने के नाते वह इस मुद्दे को सीधे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने रखेंगे और आज ही मुलाकात कर समस्या का समाधान निकालने का पूरा प्रयास करेंगे।
चिराग पासवान ने कहा कि छात्र पिछले 15 से 18 दिनों से लगातार कड़ी धूप और गर्मी में सड़कों पर बैठकर आंदोलन करने को मजबूर हैं, जो किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार और आयोग को छात्रों की जायज मांगों को गंभीरता से सुनना चाहिए। चिराग पासवान ने बताया कि इससे पहले भी जब पीएचडी अभ्यर्थियों ने राज्य में यूजीसी नियमावली लागू करने को लेकर चिंता जताई थी, तब उन्होंने उस विषय को मुख्यमंत्री के सामने रखा था।
चिराग पासवान ने कहा कि TRE-4 के लिए विरोध कर रहे उम्मीदवार नियमों में बदलाव, एक ही चरण में परीक्षा कराने और नेगेटिव मार्किंग हटाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे पिछले कुछ दिनों से इन मांगों और इनसे जुड़े तकनीकी पहलुओं का अध्ययन कर रहे थे। चिराग पासवान ने कहा कि NDA के प्रमुख सहयोगी दल होने के नाते युवाओं की सही सोच और जनभावनाओं को उचित मंच तक पहुंचाना उनकी नैतिक जिम्मेदारी है।
चिराग पासवान ने विरोध कर रहे छात्रों के बारे में BPSC के परीक्षा नियंत्रक के विवादित बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह की बयानबाजी सामने आई है, वे उसका किसी भी सूरत में समर्थन नहीं करते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों के हित में जल्द ही कोई सकारात्मक और ठोस समाधान निकाला जाएगा।
गौरतलब है कि मंगलवार को पटना में हजारों उम्मीदवार 70वीं BPSC प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने और शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) के नियमों में बदलाव की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे। मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए मार्च कर रहे छात्रों ने सरकार और BPSC के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी जायज मांगों पर कोई सकारात्मक फैसला नहीं लिया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।