राष्ट्रीय

CJP Protest: जंतर-मंतर से CJP प्रदर्शनकारियों को घसीटकर निकाल रही पुलिस, सोनम वांगचुक अस्पताल में भर्ती

CJP Protest: दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की समय सीमा खत्म होने के बाद सीजेपी को जंतर-मंतर खाली करने का अल्टीमेटम दिया है। प्रदर्शन स्थल से कुछ वीडियो सामने आए है जिसमें पुलिस बल का प्रयोग करके प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर से हटाती नजर आ रही है।
2 min read
Protesters being removed from the Jantar Mantar protest site
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन स्थल से प्रदर्शनकारियों को हटाया जा रहा (फोटो- एएनआई)

CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन शनिवार को और तेज हो गया। प्रदर्शन की तय समय सीमा खत्म होने के बाद दिल्ली पुलिस ने पार्टी को साफ कहा कि वह शांतिपूर्ण तरीके से जंतर-मंतर खाली कर दें। पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति बढ़ाने से भी इनकार कर दिया। इसके बावजूद सीजेपी संस्थापक अभिजीत डिपके ने धरना खत्म करने से मना कर दिया और अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान कर दिया। प्रदर्शनकारियों के पुलिस की अपील नहीं मानने के बाद उन्हें जबरन धरना स्थल से हटाया जा रहा है। इसके कई वीडिया सोशल मीडिया पर सामने आए है जिसमें दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारियों को उठाकर प्रदर्शन स्थल से बाहर निकालती दिख रही है।

सीजेपी ने जंतर-मंतर खाली करने से किया मना

दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन की तय अवधि पूरी हो चुकी है और पुलिस ने आगे प्रदर्शन जारी रखने की अपील अस्वीकार कर दी है। जिसके बाद पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से जगह खाली करने की अपील की गई है लेकिन इसके बाद भी जब प्रदर्शनकारी वहां से नहीं हटे तो पुलिस ने बल का प्रयोग करके प्रदर्शनकारियों को हटाना शुरू कर दिया। हालांकि सीजेपी ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। अभिजीत दीपके ने देशभर के समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।

सोनम वांगचुक को जबरन पुलिस ने हटाया - सीजेपी

जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह कदम दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश और डॉक्टरों की सलाह के आधार पर उठाया गया। पुलिस के मुताबिक कुछ प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान रुकावट पैदा करने की कोशिश की, लेकिन पूरी कार्रवाई संयम के साथ की गई। वहीं सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि सोनम वांगचुक को जबरन ले जाया गया। इस दावे पर पुलिस ने कहा कि अस्पताल ले जाना केवल मेडिकल जरूरत के कारण था।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर जारी आंदोलन

सीजेपी का कहना है कि उनका आंदोलन परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर है। प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक जुटे, जिन्होंने नारेबाजी कर अपनी मांगें दोहराईं। अभिजीत डिपके ने पहले भी इस मुद्दे पर प्रदर्शन किया था और अब उन्होंने अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान कर आंदोलन को और तेज करने का फैसला किया है।

Updated on:
18 Jul 2026 08:43 am
Published on:
18 Jul 2026 08:19 am