Assam Elections 2026: असम विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के बरपेटा से उम्मीदवार महानंदा सरकार का नामांकन रद्द कर दिया गया है।
Assam Elections 2026: असम विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। बरपेटा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार महानंदा सरकार का नामांकन पत्र जांच के बाद रद्द कर दिया गया है। चुनाव अधिकारियों ने कहा कि महानंदा सरकार के नामांकन पत्र जांच के दौरान फॉर्म-ए’ कई गड़बड़ियां पाई गई थी। इसके कारण उनका नोमिनेशन रद्द कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि यह फॉर्म मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के अधिकृत उम्मीदवार होने का महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है।
सूत्रों के मुताबिक, फॉर्म-ए में गड़बड़ी सत्यापन के दौरान सामने आई, जिसके बाद इस पर आपत्ति दर्ज की गई और विस्तृत जांच की गई। सुनवाई के दौरान कांग्रेस की ओर से दलीलें पेश की गईं, लेकिन रिटर्निंग ऑफिसर ने आपत्तियों को सही मानते हुए नामांकन खारिज कर दिया।
वहीं, इस मामले में कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और कहा है कि वे कानूनी विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। जिसमें चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाना भी शामिल है। बरपेटा को राजनीतिक रूप से अहम सीट माना जाता है और इस घटनाक्रम के बाद यहां का चुनावी समीकरण बदलने की संभावना है, जिससे अन्य उम्मीदवारों को फायदा मिल सकता है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को कहा कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है और लोगों से घबराकर अधिक खरीदारी (पैनिक बाइंग) न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि असम और पूर्वोत्तर में पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई चेन पूरी तरह स्थिर है और तेल कंपनियां नियमित रूप से वितरण कर रही हैं।
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 9 अप्रैल 2026 को एक चरण में होंगे। मतगणना 4 मई 2026 को होगी। वर्तमान में भाजपा नीत एनडीए सरकार सत्ता में है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा तीसरी बार सत्ता बरकरार रखने का प्रयास कर रही है। इस चुनाव में घुसपैठ, बेदखली, एनआरसी-सीएए, विकास-रोजगार, असमिया पहचान, बाल विवाह और जुबिन गर्ग की मौत जैसे मुद्दे केंद्र में हैं। ये मुद्दे असम की राजनीति को ध्रुवीकृत करने वाले हैं।